Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे कई इलाकों में पानी भर गया है. ऐसे में आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
1/7
सिरोही: तेज गर्जना के साथ पिशवानियां महादेव झरना उफान पर
सिरोही जिले में शाम ढलते ही मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई. इस बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण पिशवानियां महादेव झरना पूरे वेग से बहने लगा.
2/7
जयपुर: सांभर लेक में 102 मिमी बारिश
जयपुर जिले के सांभर लेक क्षेत्र में बीते 24 घंटे में 102 मिमी बारिश दर्ज की गई. इंदिरा कॉलोनी जैसे निचले इलाकों में दो फीट तक पानी भर गया. लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.
3/7
लक्ष्मणगढ़, सीकर: नगर पालिका की तैयारियों की खुली पोल
सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में सावन के पहले सोमवार से ही बारिश का सिलसिला जारी है. बीती रात 66 मिमी बारिश दर्ज की गई, लेकिन प्रशासन की तैयारियां विफल रहीं. जिला अस्पताल, एसडीएम कार्यालय और न्यायालय परिसर के सामने बारिश का पानी भर गया.
4/7
सीकर रोड जयपुर: पहली बार बारिश में दिखी राहत की तस्वीर
जयपुर की सीकर रोड पर इस बार बारिश के बाद कुछ सुखद तस्वीरें सामने आईं. पहले जहां हल्की सी भी बारिश में पूरा इलाका लबालब हो जाता था, वहीं इस बार कई घंटे की बारिश के बावजूद पानी का जमाव नहीं हुआ.
5/7
दूदू: तालाब टूटा, गांव जलमग्न
दूदू क्षेत्र में रातभर मूसलाधार बारिश के कारण कई गांव जलमग्न हो गए. बोकडावास तालाब के ओवरफ्लो होने के बाद अब मंमाणा गांव का तालाब भी टूटने की कगार पर है. मरवा गांव में कच्ची दीवार गिरने से चार बकरियों की मौत हो गई.
6/7
रतनगढ़, चूरू: दो दिन से रुक-रुक कर जारी बारिश
चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है. देर रात से शुरू हुई बारिश अब तक जारी है, जिससे निचले इलाकों और मुख्य बाजारों की सड़कें जलमग्न हो गई हैं.
7/7
कोटा: खतौली में सबसे ज्यादा 198 मिमी बारिश
राजस्थान में कोटा जिले के खतौली क्षेत्र में बारिश के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. बीते 24 घंटों में यहां 198 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक है. इतनी भारी बारिश ने इलाके में नदियों और तालाबों का जलस्तर बढ़ा दिया है.