Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. 6 जिलों में बाढ़ जैसे हालात है. वहीं, स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
1/7
राजस्थान में मानसून का कहर जारी
राजस्थान में बंगाल की खाड़ी से उठे डिप्रेशन सिस्टम के कारण मानसून पूरे जोर पर है. जोधपुर, नागौर, पाली, अजमेर, सिरोही और जालोर जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है.शनिवार को अजमेर और टोंक में हालात बाढ़ जैसे हो गए हैं. कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
2/7
स्कूलों में छुट्टी घोषित
तेज बारिश के चलते सुरक्षा के मद्देनजर कोटा, बारां, झालावाड़, अजमेर, बूंदी, राजसमंद और नागौर जिलों में शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है. प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है.
3/7
अजमेर दरगाह बाजार में बह गए लोग
अजमेर के दरगाह बाजार इलाके में शुक्रवार रात तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी बह निकला. इस पानी के बहाव में कई लोग बह गए. हालांकि, स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम समय पर पहुंची और बचाव कार्य चलाया गया.
4/7
राजसमंद में बांध टूटा, कई लोग बहे
राजसमंद जिले में भारी बारिश के चलते एक तालाब (बांध) टूट गया. इस हादसे में 3 स्कूली बच्चों सहित 7 लोग पानी के तेज बहाव में फंस गए। राहत और बचाव कार्य के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है.
5/7
बारिश जनित हादसों में बढ़ी मौतें
राजस्थान में लगातार बारिश के कारण बीते चार दिनों में 23 लोगों की मौत हो चुकी है. जोधपुर के अरना-झरना क्षेत्र में एक युवक डूब गया जबकि सीकर में 13 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई.
6/7
अभी और बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राजस्थान में इस मानसून सीजन में अब तक औसत से 116% ज्यादा बारिश हो चुकी है. विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे बाढ़ जैसे हालात और बिगड़ सकते हैं.
7/7
तापमान में गिरावट, मौसम हुआ सुहाना
राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश के कारण तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. धौलपुर, बूंदी, प्रतापगढ़, पाली और अजमेर जैसे जिलों में मौसम ठंडा हो गया है, जिससे आमजन को गर्मी से राहत जरूर मिली है लेकिन भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.