Rajasthan Weather Update: मंगलवार को कई जिलों में तेज बारिश हुई और मौसम विभाग ने बुधवार को 25 जिलों में अलर्ट जारी किया है. यह बारिश का सिलसिला आने वाले पांच दिनों तक जारी रह सकता है.
1/7
राजस्थान में इस साल मानसून ने जमकर दस्तक दी है. राज्य में अब तक सामान्य से करीब 128 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है.
2/7
मौसम विभाग की मानें, तो आगामी 11 और 12 जुलाई को कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.
3/7
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश श्रीगंगानगर में हुई, जहां 69 मिमी बारिश दर्ज की गई. दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया. जयपुर में भी दिन भर उमस भरी गर्मी के बाद शाम को झमाझम बारिश ने लोगों को राहत दी.
4/7
जहां बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई, वहीं कुछ जिलों में उमस की समस्या बनी रही. अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, सीकर, उदयपुर और जोधपुर में ह्यूमिडिटी का स्तर 75 प्रतिशत से अधिक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी और बेचैनी का सामना करना पड़ा.
5/7
टोंक जिले में जारी रिमझिम बारिश से बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ गई है. मंगलवार सुबह 6 बजे तक बांध में 4 सेंटीमीटर पानी आया, जिससे जलस्तर 313.86 आरएल मीटर तक पहुंच गया. अब तक बांध में 70.59 प्रतिशत भर चुका है.
6/7
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, पाली, जालोर, बाड़मेर, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, अलवर, जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, टोंक, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में भारी बारिश और जलभराव की आशंका है.
7/7
मानसून की इस जबरदस्त सक्रियता से किसानों को बड़ी राहत मिली है. खेतों में पर्याप्त पानी भर जाने से खरीफ की फसल के लिए अनुकूल परिस्थिति बन गई है. इसके अलावा बीसलपुर समेत अन्य जलाशयों में जलस्तर बढ़ने से आने वाले महीनों में जल संकट से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.