Rajasthan Weather Update: राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिसके असर से 2 जून से 4 जून के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज मेघगर्जन, आंधी और बारिश होने के आसार हैं. इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
1/6
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मौसम गतिविधियों की संभावना बनी हुई है. अगले 24 घंटे बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से 2 जून से 4 जून के दौरान राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में दोपहर बाद तेज मेघगर्जन, आंधी और बारिश की संभावना है.
2/6
शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के अनेक भागों में तेज मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश दर्ज की जा सकती है. इस दौरान कहीं-कहीं बिजली गिरने (लाइटनिंग) की गतिविधियां भी हो सकती हैं.
3/6
पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर जिलों में धूल भरी आंधी (डस्ट स्टॉर्म) की भी संभावना है. इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
4/6
दक्षिणी राजस्थान के अनेक हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. विशेष रूप से जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है, जो अगले तीन से चार दिनों तक बनी रह सकती है.
5/6
6 जून से 10 जून तक आंधी और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है और आगामी दिनों में भी ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है.
6/6
वहीं, पूर्वी राजस्थान के अधिकतर इलाकों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. हालांकि, 6 जून के बाद तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना है.