Rajasthan Famous Dish: राजस्थानी साबुत प्याज की सब्जी एक पारंपरिक मारवाड़ी डिश है, जो दही और टमाटर की मसालेदार ग्रेवी में तैयार की जाती है. छोटे प्याज को 'X' कट लगाकर धीमी आंच पर पकाने से यह चटपटी और लजीज बनती है, जिसे पराठे के साथ खूब पसंद किया जाता है.
1/7
Marwari Pyaz ki Sabzi
राजस्थान की रसोई अपनी सादगी और स्वाद के अनूठे मेल के लिए जानी जाती है. यहां की एक ऐसी ही पारंपरिक और लजीज डिश है-'साबुत प्याज की सब्जी'. अक्सर जब घर में कोई हरी सब्जी मौजूद न हो, तब मारवाड़ी घरों में छोटे-छोटे प्याज (बेबी अनियन) से यह शाही और मसालेदार सब्जी तैयार की जाती है. इसका खट्टा-मीठा और तीखा स्वाद ऐसा है कि एक बार खा लिया, तो आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे.
2/7
Marwari Pyaz ki Sabzi
यह सब्जी महज 10-15 मिनट में तैयार हो जाती है. दही और टमाटर की रिच ग्रेवी में धीमी आंच पर पके साबुत प्याज इसे एक खास टेक्सचर देते हैं. यह न केवल घर पर खाने के लिए, बल्कि सफर के लिए भी एक बेहतरीन सूखी सब्जी है.अगर आप भी इस वीकेंड कुछ चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें.
3/7
Marwari Pyaz ki Sabzi
इसे बनाने के लिए 200-250 ग्राम छोटे प्याज (बेबी अनियन) लें. उन्हें छीलकर धो लें और उनके ऊपर 'X' आकार का गहरा कट लगाएं. इससे मसाला प्याज के अंदर तक अच्छी तरह समा जाता है.
4/7
Marwari Pyaz ki Sabzi
कड़ाही में 2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल या घी गरम करें. प्याज को 3-4 मिनट तक हल्का गुलाबी होने तक भूनें और फिर एक प्लेट में निकाल लें.बचे हुए तेल में जीरा, राई, सौंफ, हींग और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर खुशबू आने तक भूनें. अब इसमें टमाटर की प्यूरी, हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें. इसे तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे.
5/7
Marwari Pyaz ki Sabzi
आंच धीमी करें और इसमें 2-3 चम्मच फेंटा हुआ दही डालें. ध्यान रहे, दही डालने के बाद मसाले को लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं.
6/7
Marwari Pyaz ki Sabzi
अब भुने हुए प्याज, कसूरी मेथी और स्वादानुसार नमक डालकर कड़ाही को ढक दें. धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकने दें. जब प्याज मसालों को सोख लें और तेल ऊपर आ जाए, तो बारीक कटे हरे धनिये से सजाएं.
7/7
Marwari Pyaz ki Sabzi
यह सब्जी तंदूरी रोटी, लच्छा परांठा या गरमागरम बाजरे की रोटी के साथ सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगती है. इसकी ग्रेवी का गाढ़ापन और प्याज का क्रंच बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी का दिल जीत लेता है.