Gulkand Sangam Barfi Recipe: राजस्थान की मशहूर संगम बर्फी अब गुलकंद के साथ और भी खास बन गई है. मावा, नारियल और इलायची की परतों में गुलकंद का मीठा स्वाद मिलकर इसे रंग-बिरंगी और ताजगीभरी मिठाई बनाता है. त्योहारों और मेहमाननवाजी के लिए यह बेहतरीन विकल्प है.
1/6
राजस्थान की मिठाइयां अपनी खासियत और स्वाद के लिए पूरे देश में मशहूर हैं. इन्हीं में से एक है संगम बर्फी, जो रंग, स्वाद और परतों के संगम की वजह से यह नाम पाती है. आमतौर पर यह बर्फी पिस्ता, नारियल और मावा की तीन परतों से बनती है. लेकिन आजकल इसमें नए-नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं. इन्हीं में से एक है गुलकंद से बनी संगम बर्फी, जो स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है.
2/6
गुलकंद यानी गुलाब की पंखुड़ियों से बना मीठा मुरब्बा, जो ठंडक और मिठास दोनों देता है. जब इसे संगम बर्फी में शामिल किया जाता है तो इसका स्वाद और भी निखर उठता है. एक तरफ मावे और नारियल की परतें, दूसरी तरफ गुलकंद की हल्की गुलाबी खुशबू और मीठा स्वाद – इसे खाने वाला हर कोई इसकी तारीफ करता है. यह मिठाई खासतौर पर गर्मियों के मौसम और त्योहारों के लिए बेहद लोकप्रिय है.
3/6
गुलकंद संगम बर्फी बनाने के लिए आपको 500 ग्राम मावा (खोया), 1 कप पिसी हुई चीनी, ½ कप नारियल का बुरादा, 4-5 बड़े चम्मच गुलकंद, 2 बड़े चम्मच कटे हुए पिस्ता, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर और सजावट के लिए चांदी का वर्क (वैकल्पिक) चाहिए.
4/6
गुलकंद संगम बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले मावे को धीमी आंच पर हल्का गुलाबी होने तक भूनकर उसमें पिसी चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें और मिश्रण को तीन बराबर हिस्सों में बांट लें. पहले हिस्से में नारियल का बुरादा, दूसरे हिस्से में गुलकंद और हल्का गुलाबी रंग, तथा तीसरे हिस्से में इलायची पाउडर मिलाएं. अब किसी थाली या ट्रे में पहले नारियल वाला मिश्रण फैलाकर दबाएं, उसके ऊपर गुलकंद वाला लेयर जमाएं और सबसे ऊपर मावा-इलायची वाला मिश्रण फैलाकर अच्छे से दबा दें. फिर पिस्ता और चांदी का वर्क लगाकर ठंडा होने दें और जमने पर इसे चौकोर या डायमंड आकार में काटकर परोसें.
5/6
गुलकंद से बनी यह संगम बर्फी देखने में रंग-बिरंगी और खाने में बेहद स्वादिष्ट होती है. इसमें नारियल की मिठास, गुलकंद की ठंडक और मावे का गाढ़ा स्वाद – तीनों का संगम मिलता है. यही वजह है कि इसे खाने वाले इसे बार-बार याद करते हैं.
6/6
तो अगली बार अगर आप कोई खास मिठाई बनाना चाहते हैं, तो गुलकंद वाली संगम बर्फी जरूर ट्राई करें. यह आपके मेहमानों को ही नहीं बल्कि आपको भी एक अनोखा और ताजगीभरा स्वाद देगी. इसी के साथ ही घरवालों के साथ ही मेहमान भी जब इसे खाएंगे तो तारीफ किए बिना नहीं रह सकेंगे.