Trending Photos

Pratapgarh News: जिन योजनाओं में न्यून प्रगति रही है, उस पर संबंधित विभाग गंभीरता के साथ कार्य करें. यह निर्देश जिला कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने आज साप्ताहिक समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए दिए.
बैठक के प्रारंभ में गत बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालना की रिपोर्ट विभागवार ली गई और जिन निर्देशों पर अब तक कार्यवाही नहीं हुई है, उस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया.
बैठक में चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग की विस्तृत जानकारी ली गई और शिक्षा विभाग, आईसीडीएस विभाग के साथ समन्वय करते हुए डोर टू डोर सर्वे करने, पंचायतवार अब तक हुई स्क्रीनिंग की समीक्षा करते हुए जिनकी स्क्रीनिंग नहीं हुई है, जहां गैप है, उन तक पहुंच बनाने के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए.
उन्होंने विद्यालयों में स्क्रीनिंग से पूर्व उन विद्यालयों को सूचित करने और सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए स्क्रीनिंग करवाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पूर्व सूचना के बाद भी बच्चे स्क्रीनिंग से वंचित रह जाते हैं, तो इसके लिए संस्था प्रधान की जिम्मेदारी तय करनी होगी.
इसके साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दवा वितरण केंद्र में स्टॉक चेकिंग के संबंध में जानकारी लेते हुए मौसम परिवर्तन को देखते हुए मौसमी बीमारियों हेतु भी दवाइयां की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही. इस पर किए गए निरीक्षणों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई. रसद विभाग की समीक्षा के दौरान उज्ज्वला योजना में ई केवाईसी की न्यून प्रगति पर संबंधित गैस एजेंसी के मालिकों को बुलाकर प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए.
बैठक में जल जीवन मिशन के दौरान जिन विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्य किया जाना है. उसकी सूची उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया. उन्होंने खान एवं भू विज्ञान विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि हर पट्टे की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें.
साथ ही अवैध खनन की भी सतत मॉनिटर करने के निर्देश दिए. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान पेंशन योजना तथा पालनहार में अभी जो वेरिफिकेशन से शेष रहे हैं, उनकी ब्लाकवार रिपोर्ट मंगलवार तक प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिए.
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा शिक्षा विभाग से जुड़े सभी छात्रावासों का औचक निरीक्षण करें तथा वास्तविक रिपोर्ट प्रस्तुत करें.
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को छात्रावास में शिकायत पेटी अनिवार्य रूप से लगाने और बच्चों को शिकायत पेटी की जानकारी उपलब्ध कराने, बच्चों को नियमानुसार भोजन एवं अल्पाहार तथा समस्त सुविधा उपलब्ध करवाने, छात्रावास में सुरक्षा दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे लगवाने, वार्डन एवं चौकीदार की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की कोताही बरतने पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए.
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की इंदिरा शक्ति उद्यम योजना के तहत बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों को तत्काल डिस्पोज करने के लिए एलडीएम को निर्देशित किया. पीएचडी विभाग की समीक्षा के दौरान आगामी गर्मियों के मौसम को देखते हुए पेयजल की समुचित उपलब्धता करने हेतु हैंडपंप मरम्मत, टैंकरों के लिए टेंडर आदि की कार्यवाही पहले से ही सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए.
नगर परिषद की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वनिधि योजना, विश्वकर्मा योजना, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालय सुविधाओं तथा अन्य आमजन से जुड़ी सुविधाओं के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी ली और आमजन से जुड़े हुए प्रोजेक्ट पर अधिक गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ेंः Jaipur news : लोकसभा चुनाव को लेकर 5 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, निर्वाचन आयोग ने दिए निर्देश