Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रबंध निदेशक, राजस्थान वित्त निगम हरि मोहन मीना ने धरियावद उपखंड में विभिन्न विभागीय कार्यों और विकास योजनाओं का निरीक्षण किया.
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रबंध निदेशक, राजस्थान वित्त निगम हरि मोहन मीना ने धरियावद उपखंड में विभिन्न विभागीय कार्यों और विकास योजनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने उप जिला चिकित्सालय धरियावद का निरीक्षण कर वहां डिलीवरी वार्ड, एक्सरे यूनिट, लेबर रूम, ओपीडी, आईपीडी तथा लैबोरेट्री सहित प्रमुख चिकित्सा इकाइयों का जायजा लिया.
उन्होंने औषधि वितरण केंद्र एवं औषधि भंडार गृह का भी निरीक्षण करते हुए नियर एक्सपायरी दवाओं की स्थिति की जानकारी ली और स्टाफ को निर्देश दिए कि ऐसी दवाओं को समय रहते सूचीबद्ध कर नियमानुसार हटाया जाए ताकि आमजन को सुरक्षित और सही दवाएं ही उपलब्ध कराई जा सकें.
उन्होंने मरीजों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं का फीडबैक लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन के लिए उपलब्ध सभी चिकित्सा सेवाएं सहज, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए. जिला प्रभारी सचिव मीना ने बीसीएमओ कार्यालय का निरीक्षण कर उपखंड क्षेत्र की संपूर्ण चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण करते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर और कंसनट्रेटरों की उपलब्धता की जानकारी ली. जिला प्रभारी सचिव ने निर्माणाधीन उप जिला चिकित्सालय भवन तथा 100 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं और निर्माण समयबद्ध तरीके से संपन्न हो.
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नवनिर्मित लव-कुश वाटिका का अवलोकन किया और सौंदर्यकरण एवं रखरखाव की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए. ग्राम पंचायत पिपलिया में मनरेगा योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने श्रमिकों की मस्टररोल उपस्थिति, कार्यस्थल पर सूचना पट्ट की उपलब्धता तथा कार्य की पारदर्शिता की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए.
मीना ने अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए और आमजन से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाए.