
Pratapgarh News: 2 करोड़ रुपए के डोडा चूरा और अफीम तस्करी के मामले में बीते 2 सालों से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी तस्कर को राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और प्रतापगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है. तस्करी के इस मामले में पुलिस इसके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
एसपी विनीत कुमार बंसल ने बताया कि 2 साल पहले 24 मार्च 2023 को छोटी सादड़ी थाना पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग 56 के कारूंडा चौराहे पर नाकाबंदी की जा रही थी. तभी दो स्कॉर्पियो गाड़ी तेज गति से नाकाबंदी तोड़कर निंबाहेड़ा की ओर निकल गई. पुलिस ने दोनों गाड़ियों का पीछा किया तो कार में सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की.
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग कर निंबाहेड़ा की ओर भाग रहे बदमाशों को रोकने में सफलता हासिल की. पुलिस ने इस दौरान स्कार्पियो सवार तस्कर जोधपुर के लूणी निवासी रमेश कुमार विश्नोई और उसके साथी बाड़मेर निवासी गिरधारी लाल को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया था.
पुलिस ने दोनों स्कॉर्पियो से 20 किलो अफीम और 803 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया था, जिसकी कीमत 2 करोड रुपए से ज्यादा थी. पूछताछ में दोनों ने बताया कि इसमें से कुछ मादक पदार्थ वह जोधपुर के चौपासनी निवासी दिनेश विश्नोई के लिए ले जा रहे थे.
पुलिस ने दिनेश की गिरफ्तारी के लिए कई बार प्रयास किया लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था. इस पर पुलिस द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. शुक्रवार को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने मुखबिर के जरिए मिली सूचना के आधार पर उसे जोधपुर से डिटेन किया बाद में उसे प्रतापगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan Newsहर पल की जानकारी। राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!