&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में धरियावद कृषि उपज मंडी विवाद पर न्यायालय के निर्णय के बाद भी प्रशासनिक कार्रवाई में देरी को लेकर धरियावद में माहौल गरमा गया है. भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा और आदिवासी किसान मोर्चा ने आज धरियावद-प्रतापगढ़ मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर मंडी भूमि का सीमांकन कराने की मांग उठाई.
प्रदर्शनकारियों के साथ क्षेत्रीय विधायक थावरचंद डामोर भी सड़क पर धरना देकर बैठ गए और आंदोलन का समर्थन किया. अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
विधायक डामोर ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि न्यायालय का आदेश आए चार दिन बीत जाने के बाद भी सीमांकन की कार्रवाई शुरू नहीं की गई. किसान हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण मामले में अधिकारी जानबूझकर लेट-लतीफी कर रहे हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है.
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो धरियावद बंद का आह्वान किया जाएगा. उधर, मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों और विधायक से वार्ता कर स्थिति संभालने का प्रयास कर रहे हैं.
हालांकि प्रदर्शनकारी अपने निर्णय पर अड़े हुए हैं और स्पष्ट कहा है कि जब तक कृषि मंडी का सीमांकन पूरा नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा. धरियावद कृषि मंडी विवाद अब एक बार फिर क्षेत्र की राजनीति और जनहित का बड़ा मुद्दा बन गया है, जिस पर सभी की नज़रें टिकी हुई हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंPratapgarh Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!