&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर युवती के अश्लील फोटो वायरल करने के सनसनीखेज मामले में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी युवती से प्रेम करता था, लेकिन युवती के पिता ने दोनों का रिश्ता स्वीकार करने के बजाय आरोपी से बेटी को राखी बंधवा दी थी. इसी बात से नाराज़ होकर युवक ने बदला लेने की नीयत से यह पूरी हरकत की.
साइबर थाना प्रभारी हरि सिंह ने बताया कि 23 अगस्त को पीड़ित परिवार की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी. प्रार्थी ने शिकायत में कहा कि उसकी बेटी ने इंस्टाग्राम पर कुछ फोटो डाले थे. इन्हीं फोटो को एडिट करके किसी ने फारुख नाम की फर्जी आईडी से अपलोड कर दिया. एडिटेड अश्लील तस्वीरें वायरल होने के बाद रिश्तेदारों और परिचितों के फोन आने लगे, जिससे पीड़िता और उसके परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा.
शिकायतकर्ता के अनुसार, दो दिन बाद फिर से एक नई आईडी बनाई गई और वहां भी इसी तरह की एडिटेड तस्वीरें अपलोड कर युवती की बदनामी करने का प्रयास किया गया. लगातार अश्लील फोटो वायरल होने से पीड़िता मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने आईटी एक्ट, पोक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की.
रिकॉर्ड खंगालने और डिजिटल साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने धरियावद निवासी गौरव नायक को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पीड़िता से प्रेम करता था, लेकिन युवती के पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. उन्होंने अपनी बेटी से आरोपी को राखी बंधवा दी. इससे आहत और नाराज़ होकर गौरव ने बदला लेने के लिए फेक आईडी बनाई और एडिट किए गए अश्लील फोटो अपलोड कर युवती को बदनाम करने की साजिश रची.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंSikar Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!