Pratapgarh News : प्रतापगढ़ में जिन पैसों से गांव के विकास कार्य होने थे, उन्हीं पैसों को मिलीभगत से हड़प लिया गया. मामले में पुलिस ने वीडीओ को गिरफ्तार किया है.
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News : प्रतापगढ़ जिले में देवगढ़ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सामली पठार ग्राम पंचायत में करोड़ों के विकास कार्यों की आड़ में हुए 70 लाख रुपए के गबन का खुलासा किया है. इस घोटाले में तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी भूपेश पुत्र जगदीश पाटीदार निवासी सुरवानिया, थाना सदर बांसवाड़ा को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत सामली पठार के सरपंच दिलीप मीणा ने थाना देवगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि पंचायत में अधूरे कार्य कराकर और फर्जी फर्मों को भुगतान दिखाकर करीब 70 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि का गबन किया गया.
जांच में सामने आया कि 10 जनवरी 2019 से भूपेश पाटीदार को पानमोड़ी, बजरंगगढ़ और असावता पंचायत का चार्ज होने के बावजूद सामली पठार पंचायत का अतिरिक्त चार्ज भी दिया गया. इसी दौरान उसने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सरपंच की आईडी के स्थान पर ग्राम विकास अधिकारी की आईडी को एक्टिव कर दोनों स्तर पर उपयोग किया.
ई-पंचायत पोर्टल पर सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी की आईडी से ही भुगतान किए जाने का प्रावधान है. लेकिन आरोपी ने सरपंच की जानकारी के बिना ही ग्राम पंचायत के खाते से 70 लाख रुपए फर्जी फर्मों को ट्रांसफर कर दिए. बिना किसी सामग्री की सप्लाई किए इन फर्मों को फर्जी भुगतान कर सरकारी खजाने से मोटी रकम हड़प ली गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेज खंगाले. पूछताछ में भूपेश पाटीदार ने खुद स्वीकार किया कि वह पंचायत समिति के विकास अधिकारी, तकनीकी अधिकारी और चहेती कंस्ट्रक्शन फर्मों के बहकावे और लालच में आकर सरकारी खाते से राशि ट्रांसफर करने में शामिल हुआ.
गौरतलब है कि अब देवगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी भूपेश पाटीदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पीसी रिमांड पर लिया गया है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. इस गबन में शामिल अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और फर्मों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है.
70 लाख रुपए की सरकारी राशि के गबन के इस खुलासे से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. ग्रामीणों का कहना है कि जिन पैसों से गांव के विकास कार्य होने थे, उन्हीं पैसों को मिलीभगत से हड़प लिया गया. अब पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है कि गबन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Pratapgarh Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!