प्रतापगढ़ में चला 'रास्ता खोलो' अभियान, अतिक्रमण हटने से लोगों को मिली राहत

Pratapgarh News: राज्य सरकार के निर्देशानुसार धरियावद उपखंड क्षेत्र में रास्ता खोलो अभियान के तहत प्रशासन द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई.

प्रतापगढ़ में चला 'रास्ता खोलो' अभियान, अतिक्रमण हटने से लोगों को मिली राहत
Image Credit: ज़ी न्यूज़ डेस्क

Pratapgarh News: राज्य सरकार के निर्देशानुसार धरियावद उपखंड क्षेत्र में रास्ता खोलो अभियान के तहत प्रशासन द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई. जिला कलेक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया के निर्देश पर उपखंड अधिकारी राकेश कुमार न्योल के नेतृत्व में धरियावद कस्बे के गांधीनगर और अन्य मोहल्लों में सड़क किनारे किए गए, अतिक्रमण को हटाया गया.

प्रतापगढ़-उदयपुर मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों द्वारा टिन शेड, पेडियां, चबूतरे और दुकानों के बाहर सड़क से लगभग 30 फीट तक अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी. इस अवैध कब्जे को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया.

स्थानीय नागरिकों ने उपखंड अधिकारी राकेश कुमार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उन्हें धरातल पर काम करने वाला अधिकारी बताया. उप तहसील मुँगाना क्षेत्र में एस्सार पेट्रोल पंप से पारसोला मार्ग तक भी कार्रवाई हुई. यहां लंबे समय से जाम की स्थिति बनी रहती थी.

खासकर शादी समारोहों और त्योहारों के दौरान. नालियों पर हुए अतिक्रमण को भी हटवाया गया, जिससे जल निकासी की व्यवस्था सुधरी. रामदेव बस स्टेशन क्षेत्र में होटल व्यवसायियों द्वारा सड़क पर काफी आगे तक अतिक्रमण किया गया था, जिससे टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों को निकलने में दिक्कत होती थी.

अब सड़क चौड़ी हो चुकी है और लोगों को राहत मिली है. पारसोला में लोगों ने स्वयं अपने घरों के बाहर से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग किया.

वहीं दूसरे मामले में राजस्थान और मध्यप्रदेश की सीमा पर कल देर शाम को प्रतापगढ़ जिले की हथूनिया पुलिस ने सघन वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया. यह कार्रवाई राजपुरिया बॉर्डर पर की गई, जहां बिना हेलमेट व अन्य यातायात नियमों की अनदेखी कर चलने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए.

इस दौरान एएसआई रघुवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने चेकिंग की और कई दुपहिया चालकों को रोका गया, जिन लोगों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, उन्हें न केवल चालान थमाया गया, बल्कि सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाते हुए जागरूक भी किया गया.

रघुवीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार की गई है और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है. इस अवसर पर राहगीरों को समझाइश दी गई कि यातायात नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के लिए जरूरी है. हथूनिया पुलिस द्वारा इस अभियान के तहत न सिर्फ नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई, बल्कि आमजन को यातायात सुरक्षा नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने का भी प्रयास किया गया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team