&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: जिले में लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं. धमोतर थाना क्षेत्र की बारावरदा चौकी इलाके में मधुरा तालाब के धावड़िया बांध पर कुछ युवक सेल्फी लेने पहुंच गए. पानी का बहाव तेज होने से हादसे का खतरा मंडराने लगा.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी गोपीचंद मीणा पुलिस टीम सहित तुरंत मौके पर पहुंचे और युवकों को समझाइश कर सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान चौकी पुलिस टीम सतर्क रही. जिला कलेक्टर डॉ. अंजली राजोरिया और पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने आमजन से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में नदी-नालों, बांधों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहें तथा किसी प्रकार का जोखिम न उठाएं.
पुलिस टीम ने भी स्पष्ट किया कि लापरवाही जीवन के लिए खतरनाक साबित हो सकती है, इसलिए सावधानी बरतना ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है.
दूसरी तरफ प्रतापगढ़ जिले में रविवार शाम को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें शिवना नदी में बहती हुई लाश दिखाई दे रही थी. बताया गया कि यह वीडियो प्रतापगढ़ के बागलिया और बांदा खेड़ी पुलिया क्षेत्र का था. वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
जानकारी के अनुसार, बहती हुई यह लाश शिवना नदी के तेज बहाव के साथ मध्य प्रदेश की सीमा की ओर चली गई. ग्रामीणों ने रास्ते में कई जगह इसका वीडियो बनाकर साझा किया, जिससे तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. इसी बीच मध्य प्रदेश व राजस्थान की बोडर स्थित अचेरा पुलिया के पास यह लाश बरामद हुई. अचेरी चौकीदार इमरान ने पुष्टि की कि रविवार को वायरल हुआ वीडियो जिस शव का था, वही आज पुलिया के पास मिला.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया. फिलहाल मृतक युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं. माना जा रहा है कि शव राजस्थान के प्रतापगढ़ से बहकर मध्य प्रदेश की सीमा तक पहुँचा. स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवना नदी में लगातार तेज बहाव के कारण ऐसी घटनाएँ बढ़ रही हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि नदी किनारों पर सतर्कता और गश्त बढ़ाई जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो या अफवाह पर तुरंत यकीन न करें और सही जानकारी के लिए प्रशासन से संपर्क करें.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Pratapgarh Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!