Sawai Madhopur News: सवाई माधोपुर जिले में मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी है. जिले के दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में हैं. सबसे भयावह तस्वीर जड़ावता गांव से सामने आई है, जहां खेत दरिया और गहरी खाई में तब्दील हो गए हैं.
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी है. जिले के दर्जनों गांव बाढ़ की चपेट में हैं. सबसे भयावह तस्वीर जड़ावता गांव से सामने आई है, जहां खेत दरिया और गहरी खाई में तब्दील हो गए हैं. पानी का तेज बहाव लगातार जारी है और गांव में बनी 50-50 फीट गहरी खाइयां अब घर, दुकान और मंदिरों को भी निगलने लगी हैं.
हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि एक मकान, दो दुकानें और दो मंदिर खाई में समा चुके हैं. प्रशासन और आपदा प्रबंधन मंत्री के मौके पर पहुंचने के बावजूद स्थिति पर काबू नहीं पाया जा सका है. जड़ावता गांव में बारिश ने कहर बरपा दिया है. खेतों में मची तबाही, बहते मकान, गिरते मंदिर और गहराती खाइयों ने ग्रामीणों की नींदें उड़ा दी हैं.
गांव के खेत अब विशाल खाइयों में तब्दील हो चुके हैं. पानी का कटाव इतना तेज है कि कोई भी निर्माण टिक नहीं पा रहा. गांव की महिलाएं दुर्गा माता मंदिर में बैठकर हवन कर रही हैं, तो पुरुष अमरूद के पेड़ों को काटकर पानी को डायवर्ट करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हालात पर नियंत्रण नहीं है.
समय पर प्रशासनिक मदद नहीं मिलने पर गांव में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ गहरा रोष है. ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिन तक कोई मदद नहीं पहुंची. रात को जब मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पहुंचे, तब जाकर प्रशासन हरकत में आया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. ना कोई खाना आया, ना कोई पूछने वाला आया. तीन दिन से भूखे हैं, खुद ही बचाव कर रहे हैं.
तीन दिन की भारी बारिश से जड़ावता गांव और आसपास के इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं. गांव का संपर्क पूरी तरह टूट गया है. जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमें मौके पर राहत कार्यों में जुटी हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है. जिला कलेक्टर कानाराम ने बताया कि जल संसाधन विभाग की नहर से गांव में आ रहे पानी को रोकने के लिए रेत और मिट्टी के कट्टे डाले जा रहे हैं.
भोजन और अन्य राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जा रही है, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज है कि खेतों में बनी खाई अब रुकने का नाम नहीं ले रही. आपदा प्रबंधन मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने हवाई निरीक्षण के बाद आज फिर खुद मंत्री मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने मंदिर में बैठकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया और सभी प्रकार के मुआवजा का आश्वासन दिया.
इस एक दिन पहले डॉ किरोड़ी लाल मीणा एलएनटी मशीन पर बैठकर पानी की दिशा मोड़ने की कोशिश की, लेकिन उनका यह प्रयास भी असफल रहा. मंत्री ने कहा कि सभी प्रभावितों को मुआवजा दिया जाएगा और खेतों की मरम्मत सरकार करवाएगी. स्थिति गंभीर है लेकिन सरकार हरसंभव मदद कर रही है. मुख्यमंत्री से बात हुई है हर नुकसान की भरपाई की जाएगी. हर प्रकार का मुआवजा दिया जाएगा.
जड़ावता गांव की तस्वीरें राजस्थान की आपदा प्रबंधन तैयारियों पर बड़ा सवाल खड़ा करती है. जब तक हालात पर काबू पाया जाएगा, तब तक शायद और नुकसान हो चुका होगा. गांव खाइयों में समा रहे हैं. ग्रामीण भगवान भरोसे हैं और मंत्री के निर्देश अब तक विफल साबित हो रहे हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंSawai madhopur Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!