&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से गुजरने वाले टोंक-चिरगांव नेशनल हाईवे-552 सड़क मार्ग पर स्थित ओघाड़ पुलिया पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. इसके बाद ग्रामीणों ने मानसरोवर बांध की डाउन स्ट्रीम दीवार को ही वैकल्पिक मार्ग बना लिया है. लेकिन इस खतरनाक रास्ते से निकलना लोगों की जान पर भारी पड़ सकता है.
यातायात हुआ ठप
आपको बता दें कि पुलिया टूटने और तेज बहाव के कारण यहां पैदल और वाहन दोनों तरह का यातायात रोक दिया गया है. इसी बीच स्थानीय लोग मजबूरीवश मानसरोवर बांध की डाउन स्ट्रीम दीवार को वैकल्पिक मार्ग बनाकर निकल रहे हैं. हालात इतने खतरनाक हैं कि लोग बहते पानी के बीच से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भी एक छोर से दूसरी ओर ले जा रहे हैं. बांध की दीवार पर पानी और काई जमने के चलते फिसलन बनी हुई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. बावजूद इसके प्रशासन की ओर से लोगों को रोकने या सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है.
पुलिस जवान हुए तैनात
फिलहाल NH-552 ओघाड़ पुलिया पर पैदल आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है और मौके पर आरएसी और छाण बहरावंडा खुर्द पुलिस चौकी के जवान तैनात किए गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग उपलब्ध नहीं होगा, तब तक लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इसी खतरनाक रास्ते से गुजरने को मजबूर रहेंगे.
बारिश के दौरान टूट गई थी पुलिया
उल्लेखनीय है कि सवाई माधोपुर-श्योपुर मार्ग NH-552 पर बोदल गांव के निकट ओघाड़ पुलिया पहले भी बारिश के मौसम में टूट चुकी है. घटिया निर्माण और समय पर स्थायी समाधान नहीं होने के कारण हर साल यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे सवाई माधोपुर-श्योपुर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sawai Madhopur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!