Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में चंबल नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान 197 मीटर से घटकर अब 194 मीटर पर आ गया है, जो एक राहतकारी संकेत है. हालांकि, मौसम विभाग द्वारा पूर्वी राजस्थान के विभिन्न जिलों के लिए आगामी 24 से 48 घंटों हेतु अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते जिले में फिर से जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है.
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sawai Madhopur News: सवाई माधोपुर में हुई मूसलधार बारिश के बाद जिले में अब जलभराव की स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है. शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी की गति तेज हुई है, जिससे अधिकांश आबादी क्षेत्रों से पानी उतर चुका है. सूरवाल बांध के डाउनस्ट्रीम एवं बौंली उपखंड के कुछ गांवों को छोड़कर शेष जिले में हालात धीरे धीरे सामान्य हो गए हैं.
चंबल नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान 197 मीटर से घटकर अब 194 मीटर पर आ गया है, जो एक राहतकारी संकेत है. हालांकि, मौसम विभाग द्वारा पूर्वी राजस्थान के विभिन्न जिलों के लिए आगामी 24 से 48 घंटों हेतु अति भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसके चलते जिले में फिर से जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है. जिला कलक्टर काना राम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा नदियों, नालों, रपटों व बहाव वाली पुलियाओं को पार करने से पूर्णतः बचें. जिले में हुई बारिश के बाद प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुवा है.
950 भोजन पैकेट वितरित किए गए
सवाई माधोपुर शहर में हुई अत्यधिक बारिश के कारण कई मोहल्लों में पानी भरने से आमजन को भोजन एवं आवास की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में नगर परिषद द्वारा राहत के रूप में प्रभावित लोगो के लिए निःशुल्क भोजन एवं आवास की विशेष व्यवस्था की गई . नगर परिषद आयुक्त नरसी मीणा ने बताया कि मूसलधार बारिश के बाद शहर के अंसारी मोहल्ला, कोली मोहल्ला, कुम्हार मोहल्ला, हम्मीर ब्रिज क्षेत्र एवं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में नगर परिषद टीम व पार्षदों के सहयोग से कुल 950 भोजन पैकेट वितरित किए गए हैं.
आमजन निःशुल्क भोजन प्राप्त कर सकते
आयुक्त ने बताया कि अन्नपूर्णा रसोई केंद्रों सुनार कटला, टीबी अस्पताल, राजकीय चिकित्सालय, ईएसआई डिस्पेंसरी बजरिया व नगर परिषद परिसर से आमजन निःशुल्क भोजन प्राप्त कर सकता है. वहीं गौरव पथ बजरिया, खंडार बस स्टैंड एवं नगर परिषद परिसर स्थित आश्रय स्थलों पर निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है, जो आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगी. जिले में हुई मूसलधार बारिश के कारण उत्पन्न आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन राहत और पुनर्वास कार्यों को पूरी तत्परता से अंजाम दे रहा है. नगर परिषद सभापति जयप्रकाश सामरिया एवं आयुक्त नरसी मीणा के नेतृत्व में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है.
इन व्यवस्थाओं पर भी काम जारी
जिला कलक्टर काना राम के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकर, स्वच्छता कार्यों हेतु जेसीबी मशीन, तथा प्राथमिक उपचार सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं. सभापति एवं आयुक्त ने वार्ड 38 रैगर मोहल्ला सहित अन्य प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर जनसुनवाई भी की. लटिया नाले के आसपास जलभराव से प्रभावित क्षेत्र में कई विद्युत पोल और ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे जन सुरक्षा के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति को अस्थाई रूप से बंद किया गया था लेकिन अब अब अंसारी मोहल्ला, मिर्जा मोहल्ला, रैगर मोहल्ला, कागज़ी मोहल्ला, सौरती बाजार, कीर मोहल्ला, कुम्हार मोहल्ला, हम्माल मोहल्ला एवं गलता रोड क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है. हालांकि लटिया नाले के समीप स्थित कुछ कनेक्शन अभी जलभराव के कारण बंद हैं. जल स्तर कम होते ही तीन पोल लगाकर इन कनेक्शनों की आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी. प्रशासन पूरी तरह से राहत कार्यों में जुटा हुवा है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Sawai madhopur Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!