&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sawai madhopur News : सवाई माधोपुर जिले में प्रस्तावित ईआरसीपी योजना के तहत बनाए जाने वाले डूंगरी बांध के विरोध में अब ग्रामीणों का आंदोलन और अधिक न सिर्फ जोर पकड़ने लगा है बल्कि आंदोलन के दौरान कृषि मंत्री डॉक्टर किरोडी लाल मीणा के खिलाफ भी ग्रामीण मुखरित होने लगे हैं.
आंदोलन के साथ ही राजनेताओं पर भी ग्रामीणों का गुस्सा फूट रहा है. आज सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट पर डूंगरी बांध के विरोध में सैकड़ो की तादाद में ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा.
डूंगरी बांध के विरोध को लेकर लगातार ग्रामीणों की महापंचायत हो रही है. कल बाडोलास गांव में हुई ग्रामीणों की बैठक में आज कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था. जिसके चलते सैकड़ो की तादाद में ग्रामीण महावीर पार्क में एकत्रित हुए.
इस दौरान वक्ताओं ने प्रस्तावित डूंगरी बांध से होने वाले नुकसान को लेकर ग्रामीणों को संबोधित किया ग्रामीणों का कहना था कि 76 गांव के लोग डूंगरी बांध बनने से प्रभावित होने वाले हैं. साथ ही हजारों की तादाद में ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ेगा. हजारों की तादाद में ग्रामीण बेघर होंगे.
ऐसे में ग्रामीणों ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सवाई माधोपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा भी इस मामले में ग्रामीणों के साथ कुठाराघात कर रहे हैं. ग्रामीणों ने मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि किरोड़ी जिले की जनता को गुमराह कर रहे हैं. जिसका खामियाजा ग्रामीणों के साथ-साथ डॉक्टर किरोड़ी को भी भुगतना पड़ेगा.
ग्रामीण महावीर पार्क में आयोजित सभा के बाद रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे. जहां उन्होंने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों ने यहां तक चेतावनी दे डाली कि डूंगरी बांध नहीं बनाए जाने को लेकर ग्रामीण आर पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं. ग्रामीणों ने कहा कि अब सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला तो मजबूरन उग्र आंदोलन होगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sawai Madhopur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!