&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sikar News: जिले के श्रीमाधोपुर शहर में एक बार फिर नगरपालिका की लापरवाही खुलकर सामने आई है. शहर के स्वामी मोहल्ले में गंगा सीमेंट वाली गली, सांवरा समोसा के सामने वाली गली सहित कई इलाकों में सीवरेज कार्य के नाम पर खोदे गए गड्ढे लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं. बीते एक सप्ताह से ये गड्ढे खुले पड़े हैं, लेकिन न तो इन पर किसी तरह की बेरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी संकेत बोर्ड लगाए गए हैं. इससे आमजन में भय का माहौल है और लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय तो किसी तरह इन गड्ढों को देखकर लोग संभल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में ये गड्ढे साफ नजर नहीं आते. नतीजतन, आए दिन लोग इनमें गिरकर घायल हो रहे हैं. खासकर दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई है. कई परिवारों ने बताया कि पहले भी इन खुले गड्ढों में गिरने से लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो नगरपालिका ने सबक लिया और न ही हालात सुधारने की कोई ठोस पहल की.
कोई समीक्षा बैठक नहीं की गई
सबसे हैरानी की बात यह है कि नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारी कार्यालयों में बैठे हुए है लेकिन उन्हें शहर में जाकर जमीनी हालात देखने की जरूरत तक महसूस नहीं हो रही. न तो सीवरेज ठेकेदारों के साथ कोई समीक्षा बैठक की गई और न ही उन्हें कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए पाबंद किया गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अधिकारियों ने आंखें मूंद रखी हैं और हादसों की तस्वीरें सामने आने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
नगरपालिका किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही
शहरवासियों का कहना है कि अगर समय रहते इन गड्ढों को ढक दिया जाता या कम से कम अस्थायी बेरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगा दिए जाते, तो हादसों से बचा जा सकता था. लेकिन नगरपालिका की उदासीनता के चलते आमजन की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है. लोगों में यह सवाल उठ रहा है कि क्या नगरपालिका किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है, तभी उसकी नींद खुलेगी?
क्षेत्र के लोगों में भारी रोष
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है. स्वामी मोहल्ले सहित प्रभावित इलाकों के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया और गड्ढों को सुरक्षित नहीं बनाया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. लोगों का कहना है कि वे बार-बार अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला है.
अब देखना यह है कि नगरपालिका की मूंदी हुई आंखें कब खुलती हैं और आमजन को इस गंभीर समस्या से कब राहत मिलती है. शहरवासी चाहते हैं कि जल्द से जल्द सीवरेज कार्य पूरा हो, गड्ढों को भरा जाए और जब तक काम चलता है, तब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले हालात काबू में आ सकें.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Sikar Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!