&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sikar News: सीकर जिले के श्रीमाधोपुर रोड पर भारणी स्टैंड के पास एक अज्ञात वाहन ने घोड़ा गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी, जिसमें सवार एक महिला, उसका बेटा और बहू गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके से गुजर रहे पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को रींगस के राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया. दुर्भाग्यवश, वृद्ध महिला चोथी देवी ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया. इस दुखद घटना में नांगल नाथूसर निवासी चोथी देवी पति किशन खटीक की मृत्यु हो गई, जबकि उनका बेटा विक्रम और बहू संगीता घायल हो गए.
अस्पताल की संवेदनहीनता उजागर
हादसे के बाद अस्पताल में चिकित्सकों ने चोथी देवी को मृत घोषित कर दिया, लेकिन इसके बाद उप जिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आई. करीब आधे घंटे तक मृत महिला का शव बिना किसी कवर के खुले में पड़ा रहा. शव को मोर्चरी में शिफ्ट करने के लिए कोई स्टाफ उपलब्ध नहीं था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. अंततः पुलिस को एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ मिलकर शव को स्ट्रेक्चर पर 150 मीटर तक घसीटते हुए मोर्चरी तक ले जाना पड़ा. इस दौरान वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने भी शव को शिफ्ट करने में सहायता की, जो अस्पताल की व्यवस्था की पोल खोलता है.
लोगों में रोष और निंदा
अस्पताल की इस संवेदनहीनता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया. स्थानीय निवासियों ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा की और बेहतर सुविधाओं की मांग उठाई. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है. इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन प्रबंधन में सुधार की जरूरत को एक बार फिर उजागर किया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!