&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sikar News: सीकर ज़िले के नीमकाथाना इलाके में स्थित रायपुर बांध इन दिनों गलत कारणों से सुर्खियों में है. कभी लोगों के लिए पिकनिक और सैर-सपाटे का केंद्र रहा यह बांध अब शराबियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोजाना बाहरी लोग शराब पार्टी करने आते हैं. शराब के नशे में धुत होकर वे हंगामा मचाते हैं और माहौल बिगाड़ते हैं. सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इन युवकों की हरकतें महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन चुकी हैं.
हाल ही में एक वीडियो सामने आया जिसमें कुछ युवक नहाने के दौरान महिला पर बार-बार पानी फेंककर छेड़छाड़ करते नजर आए. इस घटना के चलते दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया. बाद में युवक ने माफी मांगकर मामला शांत किया, लेकिन इसने प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया.
रायपुर बांध पर अव्यवस्था की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं. केवल एक चेतावनी बोर्ड लगाकर जिम्मेदारी पूरी कर दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर पुलिस की कोई गश्त या गार्ड की तैनाती नहीं है. यही वजह है कि असामाजिक तत्व यहां बेखौफ पहुंचते हैं और शराब पीकर उत्पात मचाते हैं.
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
रायपुर बांध पर बड़ी संख्या में लोग नहाने भी आते हैं. बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लोग पानी में उतरते हैं, जिससे डूबने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है. स्थानीय लोग बार-बार प्रशासन से पुख्ता इंतज़ाम करने की मांग कर रहे हैं ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और हादसों को रोका जा सके.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Sikar Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!