Rajasthan News: नीमकाथाना सदर थाना अंतर्गत टोड़ा में उपरलावास की ढाणी में संदिग्ध अवस्था मे महिला की मौत का मामला सामने आया है. पीहर पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है.
Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान के नीमकाथाना सदर थाना क्षेत्र के टोड़ा गांव की उपरलावास ढाणी में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान 23 वर्षीय रितु कंवर के रूप में हुई है, जिसकी शादी नौ साल पहले लोकेश सिंह के साथ हुई थी. रितु का पति जम्मू-कश्मीर में कैंटीन में कार्यरत है. घटना के वक्त वह घर पर मौजूद नहीं था.
बताया जा रहा है कि जब सुबह रितु अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा. रितु कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली. ससुराल पक्ष ने तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया.
मृतका के भाई केदार सिंह ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि रितु को उसकी सास और ननद द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने यह भी बताया कि ससुराल वालों ने रितु के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर 20-20 हजार रुपये के कई लोन ले रखे थे, जिसकी वसूली के लिए रितु पर दबाव बनाया जा रहा था.
केदार सिंह का आरोप है कि मोर्चरी में जब उन्होंने बहन का शव देखा तो उसके शरीर पर चोट के कई निशान मौजूद थे, जिससे स्पष्ट होता है कि उसकी हत्या की गई है. उनका दावा है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने रितु की पिटाई कर उसकी जान ली और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.
सदर थाना अधिकारी राजेश डूडी ने बताया कि मृतका के भाई के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो इस मामले में अहम भूमिका निभाएगी.