&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sikar News: राजस्थान के सीकर में फतेहपुर रोड पर निर्माणाधीन बिल्डिंग में शटरिंग का काम कर रहे 32 वर्षीय मजदूर इरफान अली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद लोगों ने आज कलेक्ट्रेट पर प्रदेशन किया. ठेकेदारों ने इरफान का शव एसके हॉस्पिटल पहुंचाया और परिजनों को सूचना देने के बाद फरार हो गए. मृतक के छोटे भाई जावेद ने आरोप लगाया कि यह संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
कल से बैठे हैं धरने पर
परिजन कल से धरने पर बैठे हैं. घटना के बाद परिजनों, ग्रामीणों, छात्र संगठन एसएफआई और विभिन्न राजनीतिक दलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. एसके हॉस्पिटल से एसपी ऑफिस तक आक्रोश रैली निकाली गई और ‘पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगे. वहीं, एसके हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर परिजनों और ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा. धरनास्थल पर सांसद अमराराम, फतेहपुर विधायक हाकम अली खान, उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल, पूर्व नगर परिषद सभापति जीवन खान, एसएफआई राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष जाखड़ व प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र ढाका सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
सच्चाई सामने आने तक आंदोलन की चेतावनी
सांसद अमराराम ने कहा कि 48 घंटे बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई है. जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और मौत की सच्चाई सामने नहीं आती, आंदोलन जारी रहेगा. विधायक हाकम अली खान ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया. उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है, दोषियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष जारी रहेगा. एसएफआई प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र ढाका ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हजारों लोग सड़कों पर उतरेंगे. मृतक इरफान लक्ष्मणगढ़ का निवासी था और फतेहपुर रोड पर केजीएन हॉस्पिटल के पास बिल्डिंग में शटरिंग का काम कर रहा था. परिजनों की मांग है कि ठेकेदारों को गिरफ्तार किया जाए और परिवार को मुआवजा दिया जाए.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sikar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!