Sikar News: सीकर शहर में के सामने खड़े ट्रक में पीछे से एक असंतुलित कार घुसने से दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.

Sikar News: राजस्थान के सीकर शहर के सदर थाना अंतर्गत रसीदपुर टोल नाके के पास पेट्रोल पंप के सामने खड़े ट्रक में पीछे से एक असंतुलित कार घुसने से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
गंभीर घायल का एसके अस्पताल में इलाज जारी है. हादसा इतना भीषण था कि स्विफ्ट डिजायर कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया. सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार चुरू जिले का निवासी मृतक अनिल कुमार विदेश में पिछले 2 साल से काम करता था. अनिल आज सुबह जब वापस से विदेश से आया तो उसे लेने के लिए गांव से कृष्ण कुमार और श्रवण कार लेकर जयपुर एयरपोर्ट गए हुए थे.
अनिल को जयपुर एयरपोर्ट से लेकर जब कृष्ण और श्रवण वापस चूरू की ओर लौट रहे थे तो इसी दौरान सीकर के सदर थाना इलाके के जयपुर-बीकानेर हाईवे स्थित रसीदपुर टोल नाके के पास सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से उनकी स्विफ्ट कार टकरा गई.
ट्रक से टक्कर होने पर कार सवार अनिल और कृष्ण की मौत हो गई. वहीं, श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से सीकर के एसके अस्पताल पहुंचाया. सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची.
सदर थाने के एएसआई हनुमान राम ने बताया कि सीकर के जयपुर-बीकानेर हाईवे पर रशीदपुरा टोल नाके के पास खड़े ट्रक में पीछे से स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ने टक्कर मार दी. टक्कर लगने से कार में सवार अनिल कुमार, कृष्णा कुमार और श्रवण घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने अनिल कुमार और कृष्ण कुमार को मृत घोषित कर दिया और घायल श्रवण का इलाज अस्पताल में जारी है. दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है.