&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sikar News: राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा घटना लक्ष्मी टॉकीज रोड पर सामने आई, जहां दो सांडों ने एक दुकानदार पर हमला कर दिया. घटना उस समय हुई जब दुकानदार अपनी दुकान के बाहर झाड़ू लगा रहा था.
अचानक तेज गति से दो सांड उसकी ओर दौड़े और उसे मारने का प्रयास किया. दुकानदार ने सूझबूझ दिखाते हुए दुकान के अंदर भागकर अपनी जान बचाई. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नीमकाथाना में आवारा पशुओं, खासकर सांडों का आतंक दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है. आए दिन ये सांड वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बन रहे हैं. कई बार इनके कारण गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है.
इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है. लोगों ने बताया कि सड़कों पर बेतरतीब घूमते सांड न केवल आमजन के लिए खतरा हैं, बल्कि दुकानदारों और व्यवसायियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं के खिलाफ तत्काल अभियान चलाया जाए और उन्हें शहर से बाहर किसी सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं. इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की लापरवाही को उजागर किया है, और जनता अब ठोस समाधान की उम्मीद कर रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंJaipur Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!