&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sikar News: राजस्थान के सीकर कोतवाली पुलिस ने मात्र 200 रुपये के लालच में फर्जी सिम जारी कर नकली नोट गिरोह को सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया है.
दोनों आरोपी जयपुर के बगरू इलाके में सड़क किनारे छतरी लगाकर सिम पोर्ट और नई सिम जारी करने का काम करते थे. पकड़े गए आरोपियों में विनोद प्रजापत निवासी बगरू और कृश कुमार वर्मा हैं। विनोद सिम डिस्ट्रीब्यूशन एजेंसी चलाता है, जबकि कृश उसी के अधीन सब एजेंट के रूप में कार्य करता है.
कोतवाल सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि आरोपियों ने अपने पास सिम पोर्ट करवाने आए एक युवक के डॉक्यूमेंट और लाइव फोटो का दुरुपयोग कर एक अतिरिक्त सिम जारी की थी. बाद में वह सिम नकली नोट गिरोह के मास्टरमाइंड को 200 रुपए लेकर दे दी गई थी. नवंबर में कोतवाली थाना पुलिस ने सीकर में लालचंद नाम के युवक को गिरफ्तार किया था. उसके पास से 500-500 रुपये के 24 नकली नोट बरामद हुए थे.
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा लालचंद बाजार में नकली नोट खर्च करते पकड़ा गया था. बाजार के लोगों ने मामले की जानकारी उसके हॉस्टल स्टाफ को दी, जिसके बाद पुलिस ने कमरे में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया. पूछताछ में लालचंद ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार परमेश्वर के साथ जयपुर से नकली नोट लाया था.
पुलिस ने बाद में फरीदाबाद से परमेश्वर को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से 22 नकली नोट मिले. दोनों ने बताया कि नकली नोट सप्लाई करने वाले से उनकी फोन पर ही बात हुई थी और जयपुर के मानसरोवर में हेलमेट लगाकर आया युवक उन्हें नोट थमा गया था. पुलिस ने नकली नोट सप्लायर से जुड़े मोबाइल नंबर की जांच की तो पता चला कि वह नंबर जिस युवक के नाम पर रजिस्टर्ड था, उसके पास वह सिम थी ही नहीं. उस युवक ने बताया कि वह तो सिर्फ सिम पोर्ट करवाने गया था.
युवक के बयान के आधार पर पुलिस विनोद और कृश तक पहुंची. दोनों ने स्वीकार किया कि सिम पोर्ट के दौरान उन्होंने फोटो सही नहीं आने का बहाना बनाकर दो बार लाइव फोटो क्लिक की थी. पहली बार सिम पोर्ट किया और दूसरी बार उसी फोटो व डॉक्यूमेंट से नई सिम जारी कर ली.
बाद में अज्ञात व्यक्ति को 200 रुपए में वह सिम दे दी गई. थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि फर्जी सिम जारी करना गंभीर अपराध है, जिसे आपराधिक और आतंकी गतिविधियों में भी उपयोग किया जा सकता है. मामले में अभी कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sikar News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!