Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान में जीणमाता पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को धोखा दे रहा था. आरोपी की पहचान फागी के नरेड़ा निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, वह न सिर्फ पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को गुमराह कर रहा था, बल्कि धार्मिक स्थलों पर जाकर वीआईपी ट्रीटमेंट भी ले चुका था. पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ—यह आरोपी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में भी संलिप्त है.
थ्री-स्टार वाली वर्दी और ‘आईपीएस’ लिखी टोपी ने खोली पोल
जीणमाता थानाधिकारी दलीप सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि इलाके में एक संदिग्ध पुलिसकर्मी घूम रहा है, जो हाल ही में जीणमाता मंदिर में भी दर्शन के लिए गया था. पुलिस टीम ने जब उदयपुरा बस स्टैंड पर नजर दौड़ाई तो एक व्यक्ति राजस्थान पुलिस की वर्दी में दिखाई दिया. उसकी वर्दी पर थ्री-स्टार लगे थे और टोपी पर 'IPS' लिखा हुआ था, जिससे शक गहरा गया.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद को सीकर के कोतवाली थाने में पदस्थ बताया. जब पुलिस टीम ने असली थाना इंचार्ज का नाम लिया, तो वह हड़बड़ा गया. आईडी और पुलिस कार्ड मांगने पर सच्चाई सामने आ गई—वह पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि एक ठग था.
धोखाधड़ी के साथ हत्या का भी आरोपी
सुरेश कुमार लोगों को गुमराह कर अपने काम निकलवाता था और पैसे ऐंठता था. उसने सीकर और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी वीआईपी सुविधाएं ली थीं. जांच में पता चला कि यह शख्स पहले से ही एक संगीन मामले में आरोपी है. उसकी पत्नी सुनीता का शव 28 मार्च 2020 को उसके मकान के सामने मिला था. मृतका के परिजनों ने फागी थाने में सुरेश कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था. फिलहाल, पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उसके अन्य अपराधों का भी पता लगाया जा रहा है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!