&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sikar Weather Update: सुबह 6 बजे से ही क्षेत्र कोहरे की मोटी चादर में लिपटा नजर आया. सड़क पर चल रहे वाहन कुछ ही दूरी पर गायब हो जाते थे. वाहन चालकों के लिए हालात इतने खतरनाक थे कि उन्हें डिपर और हैडलाइट लगातार जलाकर ही आगे बढ़ना पड़ा. कोहरे का घनत्व इतना अधिक था कि छोटे वाहनों, बाइक और पैदल चलने वालों को सामने से आ रही गाड़ियों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो रहा था.
शहर की मुख्य सड़कें स्टेशन रोड, श्रीमाधोपुर-रींगस हाईवे, नालोट रोड और आसपास के ग्रामीण मार्गों पर वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए. कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. लोग सतर्कता बरतते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिखे. सुबह 8 बजे तक कोहरे की तीव्रता अपने चरम पर रही, जिसके बाद ही थोड़ी राहत मिली.
लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा
ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति कमोबेश ऐसी ही रही. खेत-खलिहानों, गलियों और सड़कों पर दूर तक कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. पैदल चलने वालों को रास्ते में सावधानी से कदम बढ़ाने पड़े क्योंकि सामने से आ रहे वाहन कुछ फुट की दूरी पर ही दिखाई दे रहे थे. ठंड बढ़ने के साथ ही बाजारों में सुबह-सुबह सन्नाटा पसर गया. दुकानों का खुलना देर से शुरू हुआ. स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस कर्मचारियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई जगह बसें और निजी वाहन देर से रवाना हुए.
कई इलाकों में तापमान लगातार गिर रहा
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में चल रही बर्फीली हवाओं के कारण राजस्थान के कई इलाकों में तापमान लगातार गिर रहा है. इसी वजह से श्रीमाधोपुर और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा बना हुआ है. विभाग का अनुमान है कि आने वाले 2-3 दिनों तक भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है और कोहरा सुबह के समय जनजीवन को प्रभावित कर सकता है.
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि ऐसी स्थिति में लोग यात्रा करते समय सावधानी बरतें, तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, और केवल आवश्यक होने पर ही सुबह के समय बाहर निकलें. श्रीमाधोपुर में आज का यह घना कोहरा इस सीजन का अब तक का सबसे तीव्र माना जा रहा है, जिसने पूरे इलाके में ठंड और कठिनाई का अहसास और बढ़ा दिया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Sikar Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!