&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Sri Ganganagar News: अनूपगढ़ के गांव 5 पी में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे दो पक्षों में एक जमीन का कब्जा लेने पर विवाद हो गया. विवाद के दौरान खेत में काम कर रहे काश्तकारों पर दूसरे पक्ष के 10-12 लोगों ने लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले के कारण जब पीड़ितों में शोर मचाए तो आसपास के किस भी मौके पर पहुंच गए और हमलावरों से पीड़ितों को छुड़वाया.
इस हमले में एक ही पक्ष की एक महिला सहित कुल चार लोग घायल हो गए. आसपास के किसानों के द्वारा घायलों को अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलने पर एसएचओ ईश्वर जांगिड़ भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है.
घायल राजेश कुमार सोनी ने बताया कि वर्ष 1984 में उनके पिता राजेंद्र कुमार सोनी ने वेद प्रकाश निवासी बीकानेर से 23.50 बीघा जमीन खरीदी थी. परंतु समय पर जमीन की किश्त नहीं भरने पर इस जमीन को राज रकबा घोषित कर दिया गया. घायल ने बताया कि राज रकबा घोषित होने के बाद उनके पिता ही इस जमीन पर कश्तकारी करते थे जिसके बाद मामला न्यायालय में पहुंच गया. आरएए कोर्ट श्री गंगानगर द्वारा राजेश सोनी के हक में इस जमीन पर स्टे जारी कर दिया गया. वेद प्रकाश ने राजरकबा होने के बाद भी इस जमीन को वर्ष 2023 में एक अन्य पार्टी को भी बेच दिया. अन्य पार्टी को जमीन बेचने के बाद दोनों पक्षों के बीच इस जमीन पर कब्जा लेने की बात पर विवाद रहने लगा.
इस बीच शुक्रवार को जब राजेश सोनी पुत्र राजेंद्र सोनी निवासी 5 पी, सुनीता सोनी पत्नी संजीव सोनी निवासी 5 पी, संजीव सोनी पुत्र राजेंद्र सोनी निवासी 5 पी व मजदूर फकीर चंद पुत्र सुरजा राम निवासी 5 पी अनूपगढ़ इस जमीन पर काश्त कर रहे थे तो दूसरे पक्ष के करीब एक दर्जन लोग हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे तथा उन पर हमला कर दिया. हमले में चारों लोग घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें ग्रामीणों द्वारा अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया.
सूचना मिलने पर एसएचओ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ और एएसआई लालचंद शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों के बयान दर्ज कर उनका मेडिकल करवाया गया. एएसआई लालचंद शर्मा ने बताया कि घायलों से लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा. एसएचओ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि हेड कांस्टेबल रामनिवास ने मौके पर खेत में बैठे दो हमलावरों को हिरासत में लिया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Sri Ganganagar Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!