Trending Photos

Rajasthan News: टोंक जिले के निवाई सदर थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक 23 वर्षीय युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. यह घटना रेलवे लाइन गांव चैनपुरा और गुसी के बीच पिलर संख्या 72/07 पर घटी, जब ट्रेन संख्या 12181 जबलपुर-अजमेर एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी.
घटना की जानकारी मिलने पर निवाई सदर थाना अधिकारी हीरालाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर राजकीय सामुदायिक चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. गुसी चौकी इंचार्ज मुकेश चौधरी ने बताया कि युवक की पहचान उसके जेब में मिले आधार कार्ड के माध्यम से की गई. मृतक का नाम रमेश स्वामी (23 वर्ष), पुत्र रामदयाल स्वामी, निवासी बहड़ बताया गया है.
जानकारी के अनुसार, रमेश स्वामी तीन बहनों में इकलौता भाई था और उसकी शादी 30 अप्रैल को होनी थी. इसी दौरान उसकी बड़ी बहन की शादी भी 6 अप्रैल को तय थी. रमेश घर से शादी की शॉपिंग करने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद यह दुखद घटना घटित हो गई.
रमेश एमए फाइनल का छात्र था और उसके परिवार में उसकी आत्महत्या की खबर से गहरा सदमा लगा है. शादी जैसे खुशी के मौके से पहले इस प्रकार की घटना ने पूरे परिवार को शोक में डाल दिया है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पंचनामा की कार्यवाही जारी है. इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की जाएगी.