&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Tonk News: देश भर में नवरात्रि की धूम है, मंदिरों में भजन-कीर्तन गूंज रहे हैं और गरबा के पंडालों में उत्साह चरम पर है. इसी बीच टोंक जिले के मालपुरा उपखंड के नगर गांव में स्थित एक 600 साल पुराने चामुंडा माता मंदिर से एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जो सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल बन चुकी है.
यह मंदिर एक ऊंची पहाड़ी पर स्थित है, जहां सदियों से पूजा करने का कार्य एक मुस्लिम परिवार द्वारा किया जा रहा है. ‘दाढ़ी मुस्लिम समाज’ से ताल्लुक रखने वाला यह परिवार माता चामुंडा की सेवा और आरती करता आ रहा है. इस परंपरा को निभाने वाले शख्स शम्भू बताते हैं कि उनके पूर्वज भी इसी मंदिर की पूजा करते थे और आज उनका 100 सदस्यों का परिवार माता रानी की कृपा से पल रहा है.
इस मंदिर से आसपास के दर्जनभर गांवों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है. परंपरा के अनुसार, हर वर्ष इन 11 गांवों से प्रत्येक घर से 11 किलो अनाज शम्भू के परिवार को दिया जाता है, जिससे उनका जीविकोपार्जन होता है. यह परंपरा आज भी श्रद्धा और सम्मान के साथ निभाई जाती है.
कई वर्ष पूर्व एक बार गांव की पंचायत में मुस्लिम पुजारी को हटाने की बात उठी थी, लेकिन उस समय कथित रूप से एक चमत्कार हुआ. बताया जाता है कि ऊंची पहाड़ी पर स्थित मंदिर से मुस्लिम पुजारी शम्भू पंचायत के बीच अचानक प्रकट हो गए. इसे माता रानी की इच्छा माना गया और तब से यह परंपरा फिर कभी नहीं टली.
नगर गांव के पूर्व सरपंच रामजी लाल टेलर बताते हैं, हमें कभी यह महसूस नहीं हुआ कि मंदिर का पुजारी मुस्लिम है. शम्भू और उनका परिवार हमारे अपने हैं. माता की सेवा वही करते आए हैं और करते रहेंगे.
वहीं मंदिर में दर्शन करने आए ग्रामीण शंकर सिंह कहते हैं कि यह मंदिर सदियों से आस्था का केंद्र है और हमें गर्व है कि हमारी विरासत इतनी सुंदर और समर्पित परंपराओं से जुड़ी है.
चामुंडा माता का यह मंदिर सिर्फ धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि एक ऐसा स्थान बन चुका है जहां हिंदू-मुस्लिम एकता की असली तस्वीर दिखाई देती है. नवरात्रि हो या होली की धुलंडी यहां हर त्योहार मिल जुलकर मनाया जाता है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंTonk Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!