Trending Photos

Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने देवली-उनियारा विधानसभा उपचुनाव के दौरान समरावता में हुई हिंसा के पीड़ितों को राहत देने के लिए 30.95 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की है. यह हिंसा उस समय भड़क उठी थी जब निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एक एसडीएम को थप्पड़ मार दिया था. इसके बाद फैली सांप्रदायिक अशांति और सामाजिक उपद्रवों में कई लोगों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा. गृह विभाग ने इस घटना को सांप्रदायिक दंगे और सामाजिक उपद्रव की श्रेणी में रखते हुए मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की है.
हिंसा में घायल हुए सात लोगों संजय मीणा, राजंती, बलराम, फूलचंद, कजोड़, दिलबाग और मीठालाल को 1-1 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा. वाहनों के नुकसान की बात करें तो सरकार ने 10 चौपहिया और 39 दोपहिया वाहनों के लिए मुआवजा स्वीकृत किया है. इनमें से कुछ वाहन स्थानीय लोगों के थे, जबकि कई बाहर से आए लोगों के थे. तीन दुपहिया वाहनों के मालिकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
वहीं, घरेलू सामान की क्षति के तहत जमना लाल मीणा को उनके सैमसंग एलईडी टीवी के नुकसान के लिए 25 हजार रुपए का मुआवजा मिलेगा. रामकरण मीणा को जलकर मरी बकरी और खेत में जले चारे के नुकसान के लिए कुल 50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी. मकान क्षति के लिए जगदीश मीणा, फूलचंद मीणा और जलाल मीणा को 50-50 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं. गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीमाकृत संपत्तियों के मामलों में बीमा राशि को मुआवजे में समायोजित किया जाएगा, और यदि कोई पीड़ित व्यक्ति आरोपी पाया जाता है तो सहायता जांच के बाद ही मिलेगी.