&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Tonk News: राजस्थान के टोंक जिले के जनाना अस्पताल में शुरू हुआ हिजाब विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. घटना के पांच दिन बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है. अब वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. बिंदू गुप्ता ने खुद को असुरक्षित बताते हुए सात दिन का अवकाश ले लिया है और अपने परिवार के साथ टोंक छोड़ दिया है. उनका अवकाश आवेदन पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
17 अगस्त को हुई थी शुरुआत
विवाद की शुरुआत 17 अगस्त को हुई थी, जब डिलीवरी वार्ड में डॉ. बिंदू गुप्ता ने यूनानी अस्पताल की इंटर्न डॉक्टर उम्मेमा से मरीज की जांच के दौरान चेहरा ढकने वाला नक़ाब हटाने को कहा. इस पर इंटर्न डॉक्टर ने आपत्ति जताई, वीडियो बनाने की धमकी दी और बाद में वीडियो वायरल कर दिया. मामले ने धार्मिक रंग ले लिया और शहर की राजनीति भी इसमें कूद पड़ी.
कांग्रेस और भाजपा दोनों सक्रिय
कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पक्ष सक्रिय हो गए. कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की, वहीं भाजपा नेताओं और विश्व हिंदू परिषद ने भी इंटर्न डॉक्टर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. बुधवार को विश्व हिंदू परिषद ने कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन कर प्रशासन को आर-पार की लड़ाई की चेतावनी दी.
इंटर्न डॉक्टर उम्मेमा वैसे ही पहुंची अस्पताल
इस बीच इंटर्न डॉक्टर उम्मेमा पांचवे दिन भी जनाना अस्पताल पहुंचीं और उसी अंदाज में डिलीवरी वार्ड में प्रवेश किया. इससे गुस्साई डॉ. बिंदू गुप्ता ने अस्पताल छोड़ दिया और सीएमएचओ को फोन पर शिकायत की. समाधान न मिलने पर उन्होंने अवकाश लेकर टोंक से सपरिवार रुखसती कर दी.
जिला कलेक्टर ने सीएमएचओ से की बात
घटना पर जिला प्रमुख सरोज बंसल ने संज्ञान लिया और जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल से चर्चा की. कलेक्टर ने सीएमएचओ डॉ. हनुमान प्रसाद बैरवा को तलब किया और कड़ी फटकार लगाई. इसके बाद इंटर्न डॉक्टर को जनाना अस्पताल से हटाकर सआदत अस्पताल में लगाया गया है. चिकित्सा निदेशालय को इंटर्नशिप बदलने के लिए पत्र भी भेजा गया है, हालांकि इसे गोपनीय रखा गया है.
सख्त कार्रवाई की दी सलाह
उधर, देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने मीडिया से बचते हुए मामले पर टिप्पणी करने से परहेज किया, लेकिन अंदरखाने कलेक्टर को सख्त कार्रवाई की सलाह दी. अब बड़ा सवाल यह है कि लगातार बढ़ते विवाद का अंत कैसे होगा. डॉक्टरों की सुरक्षा, अस्पताल की कार्यप्रणाली और साम्प्रदायिक सौहार्द सभी पर इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस को वीडियो वायरल करने और धमकियों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Tonk News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!