Tonk News : राखी मनाने गांव आया था परिवार, डूबने से 3 बच्चों की मौत

Tonk News : राजस्थान के टोंक के सौंधीफल गांव में अंकेश को डूबता देख सुनील और विकास भी पानी में कूद गए. तीनों बच्चों को तैरना नहीं आता था, जिसके चलते वे तीनों गहरे पानी में डूब गए.
 

Tonk News : राखी मनाने गांव आया था परिवार, डूबने से 3 बच्चों की मौत
Image Credit:

Tonk News : राजस्थान के टोंक के सौंधीफल गांव में एक ही परिवार की तीन बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई. बच्चे भैंसों को तालाब पर पानी पिलाने गए थे. मृतक बच्चों की उम्र 14 से 15 साल के बीच है. सभी बच्चे आपस मे चचेरे भाई थे. घटना की सूचना पर कलेक्टर कल्पना अग्रवाल अस्पताल पंहुची और मृतक के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.

घर से 500 मीटर दूर है तालाब
जानकारी के मुताबिक, एक बच्चे के पिता ने सभी को निकालने की कोशिश की लेकिन बचा नहीं पाया. वह खुद भी डूबने से बाल-बाल बचा. सौंधीफल निवासी शंकरलाल का बेटा अंकेश (15), धर्मचंद का बेटा विकास (14) और राजेश बैरवा का बेटा सुनील (15) रविवार शाम 6-7 भैंसों को पानी पिलाने के लिए घर से 500 मीटर दूर तालाब पर गए थे. इस दौरान भैंसे तालाब में चली गईं.

एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में डूबे तीनों
काफी देर तक जब भैंसें बाहर नहीं निकलीं तो अंकेश पानी में उतर गया, जिससे वह डूबने लगा. अंकेश को डूबता देख सुनील और विकास भी पानी में कूद गए. तीनों बच्चों को तैरना नहीं आता था, जिसके चलते वे तीनों गहरे पानी में डूब गए. इस दौरान बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास में मौजूद सुनील के पिता राजेश बैरवा तालाब की तरफ दौड़े और तीनों बच्चों को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन राजेश बच्चों को बचा नहीं पाए.

बच्चों की मौत से गांव में पसरा मातम
राजेश ने गांव में जाकर बच्चों के डूबने की सूचना दी. इसके बाद परिजन दौड़े और बच्चों को तलाशने लगे. लोगों ने मिलकर तीनों को निकाला और पीपलू हॉस्पिटल ले गए. जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम है. रविवार को किसी भी घर में चूल्हे नहीं जले. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. शवों को पीपलू हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है.

तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम
सुनील और विकास राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बोरखंडी कलां (पीपलू, टोंक) में कक्षा 10 में पढ़ते थे. जबकि अंकेश परिवार के साथ जयपुर रहता था. वहीं पढ़ाई कर रहा था. अंकेश के पिता शंकरलाल जयपुर रहते हैं. दो बेटों, एक बेटी और पत्नी के साथ शंकरलाल रक्षाबंधन पर्व मनाने के लिए राखी से 2 दिन पहले ही गांव बैरवा की ढाणी आए थे. अंकेश जयपुर में ही पढ़ाई करता था. तीनों बच्चे गरीब परिवारों से हैं.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Tonk News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

ट्रेंडिंग न्यूज़

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team