&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: राजस्थान में मानसून की बारिश ने जहां एक तरफ सभी को राहत दी है. तो वहीं प्रतापगढ़ के सांगरी खेड़ा गांव में बारिश के बाद बिजली गुल होने अंधेरे ने दो ज़िंदगियां छीन लीं, लगातार बारिश के बाद पहाड़ी इलाकों में बिजली सप्लाई ठप है और इसी कारण एक मां और बेटी को अंधेरे का खामियाजा भुगतना पड़ा. अंधेरे के कारण दोनों को सांप ने डस लिया. जिसके कारण दोनों की मौत हो गई. इसी घटना को लेकर स्थानीय विधायक ने भाजपा सरकार पर हमला किया है.
18 जून की है घटना
आपको बता दें कि प्रतापगढ़ जिले के पहाड़ी इलाकों में देर शाम विद्युत सप्लाई बंद हो जाती है. इसके बाद अल सुबह विद्युत सप्लाई शुरू होती है. इसी विद्युत सप्लाई बाधित होने के कारण ऐसी ही एक हृदय विदारक घटना 18 जून की रात सुहागपुरा थाना क्षेत्र के सांगरी खेड़ा गांव में सामने आई थी, जब बिजली गुल होने के कारण 32 वर्षीय रूपा मीणा और उसकी चार महीने की मासूम बेटी लक्ष्मी की सर्पदंश से मौत हो गई थी. दोनों मां-बेटी जमीन पर सो रही थीं और अंधेरे का फायदा उठाकर घर में घुसे सांप ने डस लिया था. इलाज के लिए कोई कुछ कर पाता, उससे पहले ही दोनों की मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है, लेकिन इससे भी ज़्यादा गुस्सा इस बात को लेकर है कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद सरकार या प्रशासन की ओर से कोई सहायता नहीं दी गई.
पूर्व विधायक मिलने पहुंचे
अब पूरे मामले में पूर्व विधायक रामलाल मीणा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता बताया और कहा कि मंत्री हेमंत मीणा सिर्फ कुर्सी संभाल रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत देखने तक नहीं आते. रामलाल मीणा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मुआवजा और सहायता नहीं दी गई तो कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को प्रतापगढ़ बुलाकर उग्र आंदोलन किया जाएगा.
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों की मांग है कि बिजली आपूर्ति को दुरुस्त किया जाए, पहाड़ी क्षेत्रों में सौर ऊर्जा या वैकल्पिक साधनों से रोशनी की व्यवस्था की जाए, और प्रशासन इस प्रकार की घटनाओं से सबक लेते हुए सुरक्षा के ठोस उपाय करे. लेकिन अभी सवाल यह है कि क्या सरकार अब भी जागेगी या फिर पहाड़ों के सन्नाटे में और भी मासूम ज़िंदगियां यूं ही बुझती रहेंगी?
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!