&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Banswara News: बांसवाड़ा जिले के घाटोल कस्बे में स्थित राजकीय उमा विद्यालय परिसर में 15 अगस्त, 2025 को उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद और बीजेपी नेता मानशंकर निनामा ने मंच से अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की.
ध्वजारोहण न करने दिए जाने से नाराज निनामा ने कार्यक्रम के संचालक और अन्य लोगों को जमकर खरी-खोटी सुनाई. उन्होंने कहा कि वे केवल उपखंड स्तरीय निमंत्रण के कारण ही इस कार्यक्रम में शामिल हुए, वरना उनके पास कई स्कूलों में अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेने का विकल्प था. निनामा ने यह भी उल्लेख किया कि यह परंपरा पिछले 79 वर्षों से चली आ रही है.
पूर्व सांसद मानशंकर निनामा ने अपने संबोधन में कहा कि हम नेता हजारों लोगों का दिल जीतकर लोकसभा, विधानसभा, जिला और पंचायत स्तर पर अपनी मेहनत और दम-खम के बल पर पहुंचते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह आजादी हमें अधिकारियों ने नहीं दी, बल्कि इसके लिए असंख्य लोग और नेता जेल गए, कई शहीद हुए. 1947 में मिली आजादी के बाद भी, आज हमारी बात को अनसुना कर गलत निर्णय लिया गया, जिसके लिए तीनों जिम्मेदार हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी तो केवल ऊपर के आदेशों पर काम करते हैं, लेकिन गलती उनकी है जो मनमानी करते हैं. निनामा ने कहा कि 15 अगस्त को झंडा नेता फहराता है, जबकि 26 जनवरी को अधिकारी झंडा फहरा सकते हैं. लेकिन इस परंपरा को दरकिनार कर बिना किसी से पूछे मनमर्जी से काम किया जा रहा है.
पूर्व सांसद मानशंकर निनामा ने गुस्से में कहा कि हम नेता करोड़ों रुपये खर्च करते हैं और एक-एक घर जाकर लोगों का दिल जीतते हैं. जिसे हार मिलती है, वह हार जाता है, और जिसे जीत मिलती है, वह सदन में पहुंचता है. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि हमें यहां बुलाकर अपनी मर्जी से काम किया जा रहा है, जो बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. निनामा ने चेतावनी दी कि या तो ऐसी मनमानी बंद हो, वरना हमें कभी न बुलाया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि या तो आप अपनी कार्यशैली बदल लें, या फिर हम कभी नहीं आएंगे.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan Newsऔर पाएं Sikar Newsकी हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!