&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Mountaineer Manasvi Agrawal Udaipur: उदयपुर की बेटी मनस्वी अग्रवाल ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राजस्थान का नाम अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चमकाया है. मनस्वी ने 12 दिसंबर को अंटार्कटिका महाद्वीप के सर्वोच्च पर्वत शिखर 'माउंट विन्सन मैसिफ' पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारतीय ध्वज फहराया. इस दुर्गम शिखर पर पहुंचने वाली वह पहली राजस्थानी महिला बन गई हैं.
पर्वतारोहण की सबसे बड़ी चुनौती
समुद्र तल से लगभग 5 हजार मीटर (करीब 16,500 फीट) की ऊंचाई पर स्थित माउंट विन्सन मैसिफ जो पृथ्वी के अंतिम छोर पर है. यह शिखर पूरी तरह से बर्फ से ढंका रहता है और तापमान अक्सर माइनस 60 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है.पर्वतारोहण विशेषज्ञों के अनुसार, इन्हीं विषम परिस्थितियों के कारण यह दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में से एक है. हर साल दुनियाभर से अधिकतम 50 पर्वतारोही ही यहां पहुंच पाते हैं, और भारत से अब तक 10 से भी कम पर्वतारोही सफल हुए हैं.अब राजस्थान की मनस्वी का नाम भी इस सूची में स्वर्णिम अक्षरों में जुड़ गया है.
)
कठोर प्रशिक्षण और 7 समिट्स का लक्ष्य
मनस्वी की यह सफलता उनके वर्षों के कठोर प्रशिक्षण और अनुशासन का परिणाम है. उन्होंने भारतीय सेना द्वारा संचालित माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दिरांग (अरुणाचल प्रदेश) और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल) से एडवांस पर्वतारोहण प्रशिक्षण प्राप्त किया है.मनस्वी इससे पहले इसी वर्ष यूरोपीय महाद्वीप के सर्वोच्च शिखर माउंट एलब्रुस और अफ्रीकी महाद्वीप के सर्वोच्च शिखर माउंट किलिमंजारो को भी फतह कर चुकी हैं. उनका अगला लक्ष्य 2026 तक विश्व के सभी सातों महाद्वीपों के सर्वोच्च शिखर पर पहुंचकर 'सेवन समिट्स'चुनौती को पूरा करना है.
)
शिक्षा और खेल में भी उत्कृष्ट रिकॉर्ड
पर्वतारोहण के अलावा मनस्वी का रिकॉर्ड शिक्षा और खेल क्षेत्र में भी शानदार रहा है. वह 10 मीटर राइफल शूटिंग में प्रख्यात नेशनल शूटर रह चुकी हैं. उन्होंने गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से कानून पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है और वर्तमान में पर्यावरणीय कानून विषय पर पीएच.डी. कर रही हैं.
)
साथ ही, वह एक निजी लॉ कॉलेज में सहायक आचार्य के रूप में अध्यापन भी करा रही हैं.मनस्वी के पिता टी. आर. अग्रवाल राजस्थान वित्त सेवा के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं, और माता सरोज गुप्ता मीरा गर्ल्स कॉलेज में इतिहास विभाग में वरिष्ठ आचार्य हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Udaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!