&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Udaipur Crime News: उदयपुर के सुखेर इलाके में स्थित आरडीएक्स क्लब में दिल्ली के छह पर्यटकों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने क्लब मैनेजर मुकेश सिंह सहित पांच आरोपियों, जिनमें बाउंसर लोकेश, पंकज, विश्वजीत सिंह और धर्मेंद्र सिंह शामिल हैं, को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है. वहीं, बार मैनेजर सहित चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं.
इसके साथ ही, क्लब में अश्लील पोस्टर लगाने और आपत्तिजनक कपड़ों में युवतियों के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए क्लब संचालक के खिलाफ अश्लीलता फैलाने का मामला भी दर्ज किया है. पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है.
आरडीएक्स क्लब एंड बार में मारपीट
उदयपुर के सुखेर थाना क्षेत्र में स्थित आरडीएक्स क्लब एंड बार में छह ग्राहकों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने पर एसपी योगेश गोयल ने सख्त कदम उठाया है. उन्होंने इस मामले में लापरवाही बरतने के लिए एएसआई सुनील बिश्नोई को सुखेर थाने से हटाकर डीएसपी ऑफिस वेस्ट में अटैच कर दिया.
एसपी गोयल ने बताया कि इस मामले में राजसमंद निवासी क्लब मैनेजर मुकेश सिंह, ब्यावर निवासी बाउंसर लोकेश कुमार प्रजापत, प्रतापनगर निवासी पंकज पूर्बिया, नागा नगरी निवासी विश्वजीत सिंह और कर्नाटक निवासी धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है.
जानें क्या है पूरा मामला?
उदयपुर के भुवाणा स्थित आरडीएक्स क्लब एंड बार में बुधवार तड़के 3 बजे दिल्ली से आए छह पर्यटकों के साथ मारपीट की घटना हुई. पीड़ितों ने जब सुखेर थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तो वहां मौजूद ड्यूटी ऑफिसर एएसआई सुनील बिश्नोई ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की और केवल तीन लोगों को पाबंद कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि क्लब के बाउंसरों ने पीड़ितों को घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह मारपीट की.
इस मामले में भुवाणा के मानसरोवर निवासी कमलेश पालीवाल ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज की. उन्होंने बताया कि 16 सितंबर की रात 11 बजे वह अपने दिल्ली से आए दोस्तों मोहित, मिलन, विकास, सोनू और रोहित के साथ आरडीएक्स बार गए थे. रात 2:30 बजे जब वे बाहर निकल रहे थे, तो लिफ्ट में छह लोगों की क्षमता होने के कारण उन्होंने बार स्टाफ के एक परिचित युवक को लिफ्ट में आने से रोक दिया. इसके बाद नीचे पहुंचते ही बार मैनेजर मुकेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह समेत 10 बाउंसरों ने उन पर हमला कर दिया.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएंJaipur Newsहर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!