&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Dungarpur News: डूंगरपुर जिले में साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद, स्थानीय पुलिस साइबर ठगों पर नकेल कसने में जुटी है. आंकड़ों के मुताबिक, जहां साइबर ठगी के मामले साल-दर-साल बढ़ रहे हैं, वहीं पुलिस भी विभिन्न अभियानों के तहत अपराधियों को सलाखों के पीछे धकेल रही है और पीड़ितों को उनकी लूटी हुई रकम वापस दिला रही है. इसके साथ ही साइबर ठगी से बचने के लिए आमजन को जागरूक भी किया जा रहा है.
2024 में कितने मामले आए सामने
साइबर ठग अलग-अलग तरीके से लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने में लगे हैं. साल 2024 में डूंगरपुर जिले में साइबर ठगी के कुल 130 मामले सामने आए, जिनमें ठगी गई कुल राशि 2 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक थी. पुलिस ने इनमें से 29 मामलों में एफआईआर दर्ज की और 28 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया. इन गिरफ्तारियों के परिणामस्वरूप, पुलिस ने पीड़ितों से लूटी गई 42 लाख रुपये की राशि सफलतापूर्वक बरामद कर उन्हें वापस दिलवाई. वहीं शेष मामलों में अनुसंधान चल रहा है.
2025 में भी सामने आए मामले
इधर साल 2025 में डूंगरपुर जिले में अब तक साइबर ठगी के 68 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 52 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है. डूंगरपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 8 मामलों में एफआईआर दर्ज की है और 52 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इन कार्रवाइयों के तहत, पुलिस ने 31 लाख रुपये की राशि की वसूली कर पीड़ितों को लौटाई है.
साइबर ठगी से बचाव के लिए कर रहे जागरूक
साइबर ठगों पर कार्रवाई के दौरान, डूंगरपुर पुलिस ने ठगी गई राशि के अलावा बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और वाहन भी जब्त किए हैं. इसके अतिरिक्त, 600 सिम कार्ड और 536 आईईएमआई (IMEI) नंबरों को ब्लॉक करवाया जा चुका है, जिससे अपराधियों के लिए अपने गोरखधंधे को जारी रखना मुश्किल हो गया है. सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज मोबाइल गुमशुदगी के मामलों में 200 से अधिक मोबाइल फोन जब्त कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए हैं.
क्या बोली एसपी मोनिका सेन?
एसपी मोनिका सेन ने बताया कि साइबर ठगों पर कानूनी कार्रवाई के अलावा, जिला पुलिस ने जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया है. अब तक 159 साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 3,000 लोगों को साइबर अपराधों से बचने के तरीकों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया है.
तरीके बदल-बदल कर करते हैं ठगी
साइबर ठग लगातार तरीके बदल कर लोगों से ठगी करने का प्रयास करते हैं. वही डूंगरपुर पुलिस भी लगातार कोशिश साइबर अपराधियों ओर आमजन के बीच एक मजबूत दीवार बनने की कोशिश में जुटी है, जिससे जिले में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और नागरिकों को सुरक्षित रखने में मदद मिल सके.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!