&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ के पीपलखूंट थाना क्षेत्र घंटाली के वार्ड 10 में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में 12वीं कक्षा के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई.
घटना से पूरे गांव और परिवार में मातम छा गया. जानकारी के अनुसार, महेश पुत्र नारायण रावल रोज की तरह रात को पढ़ाई करने अपने कमरे में गया था. सुबह देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खोला, जहां अंदर खटिया के नीचे महेश मृत अवस्था में मिला.
थाना अधिकारी सोहनलाल बामनिया ने बताया कि परिजनों के अनुसार, उसकी मौत बिजली का करंट लगने से हुई है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज किया और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पीपलखूंट की मोर्चरी में रखवाया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी, घंटाली थाना पुलिस और सरपंच कचरूलाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. मृतक महेश राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घंटाली में 12वीं कक्षा का छात्र था.
वह परिवार में सबसे बड़ा था और उसके एक छोटा भाई और दो बहनें हैं. पिता नारायण खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है.
इधर, प्रतापगढ़ की छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब और चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है.
छोटी सादड़ी थाना अधिकारी प्रवीण टांकने बताया कि पुलिस टीम राष्ट्रीय राजमार्ग 56 पर गश्त करती हुई गोमाना रामदेव जी मार्ग पर पहुंची तो मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि हाईवे से अंबावली जाने वाले रास्ते पर एक बाइक सवार व्यक्ति, जिसके पास प्लास्टिक के दो कट्टे हैं. संदिग्ध हालत में खड़ा हुआ है.
इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उक्त व्यक्ति का नाम पता पूछा तो उसने रम्भावली निवासी अर्जुन मीणा बताया. उसके पास मौजूद कट्टों की तलाशी ली गई तो उसमें 202 पव्वे अंग्रेजी शराब के मिले, जिनके कोई वैद कागजात नहीं थे. साथ ही जो बाइक थी वह भी बिना नंबर की होकर उसके भी कोई कागजात नहीं थे.
जांच में सामने आया कि यह बाइक कुछ दिन पहले चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया से चुराई गई थी. पुलिस ने आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही अवैध शराब और बाइक भी जप्त कर ली. फिलहाल मामले में जांच जारी है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Pratapgarh News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!