&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के कई गांवों में टूटी और अधूरी पुलियाएं ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी हैं. मथुरा तालाब पंचायत के भंडार गांव से लेकर मोवाई पंचायत के नयाखेड़ा गांव तक हालात इतने खराब हैं कि छोटे-छोटे स्कूली बच्चे रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर पुलिया पार करने को मजबूर हैं. भंडार गांव का मुख्य मार्ग सालों पहले टूटी पुलिया के कारण बाधित है.
पांच साल बीत जाने के बाद भी इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका. बरसात में हालात और भी बिगड़ जाते हैं. फिसलन और पानी भरने से बच्चों का स्कूल जाना खतरे से खाली नहीं होता. कई बार हादसे टल चुके हैं, जिससे अभिभावक बच्चों को भेजने से भी डरते हैं.
इसी तरह मोवाई पंचायत के नयाखेड़ा गांव में तो पुलिया ही नहीं है. ग्रामीण और स्कूली बच्चे बहते पानी से होकर घर और स्कूल जाते हैं. हाल ही में बच्चों का पानी में बहते हुए वीडियो वायरल हुआ तो ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा.
इस मामले में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेश जैन ने कार्यवाहक प्रधान को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि टूटी पुलिया और अधूरे निर्माण कार्य केवल बच्चों ही नहीं बल्कि बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी बड़ी बाधा बन गए हैं.
बरसात के दिनों में कई बार पूरा गांव संपर्क मार्ग से कट जाता है और लोग अलग-थलग पड़ जाते हैं. लगातार शिकायतों और पत्राचार के बावजूद प्रशासन की चुप्पी और घटिया निर्माण कार्यों की अनदेखी से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. लोगों की साफ मांग है कि जिम्मेदार विभाग तुरंत इन पुलियाओं का स्थायी और मजबूत निर्माण करवाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों की जान को जोखिम से बचाया जा सकें.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Pratapgarh News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!