Pratapgarh News: सरपंच की रिपोर्ट ने खोला 70 लाख का गबन, देवगढ़ पुलिस ने दबोचा VDO

Pratapgarh News:  प्रतापगढ़ में बड़ा खुलासा! देवगढ़ पुलिस ने सामली पठार ग्राम पंचायत में 70 लाख के गबन का पर्दाफाश किया. ग्राम विकास अधिकारी भूपेश पाटीदार गिरफ्तार. फर्जी फर्मों के जरिए पंचायत फंड में सेंधमारी का आरोप.

Pratapgarh News: सरपंच की रिपोर्ट ने खोला 70 लाख का गबन, देवगढ़ पुलिस ने दबोचा VDO
Image Credit: Pratapgarh News

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले में देवगढ़ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सामली पठार ग्राम पंचायत में करोड़ों के विकास कार्यों की आड़ में हुए 70 लाख रुपए के गबन का खुलासा किया है. इस घोटाले में तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी भूपेश पुत्र जगदीश पाटीदार निवासी सुरवानिया, थाना सदर बांसवाड़ा को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत सामली पठार के सरपंच दिलीप मीणा ने थाना देवगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि पंचायत में अधूरे कार्य कराकर और फर्जी फर्मों को भुगतान दिखाकर करीब 70 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि का गबन किया गया.

Add Zee News as a Preferred Source


जांच में सामने आया कि 10 जनवरी 2019 से भूपेश पाटीदार को पानमोड़ी, बजरंगगढ़ और असावता पंचायत का चार्ज होने के बावजूद सामली पठार पंचायत का अतिरिक्त चार्ज भी दिया गया. इसी दौरान उसने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सरपंच की आईडी के स्थान पर ग्राम विकास अधिकारी की आईडी को एक्टिव कर दोनों स्तर पर उपयोग किया.

ई-पंचायत पोर्टल पर सरपंच और ग्राम विकास अधिकारी की आईडी से ही भुगतान किए जाने का प्रावधान है. लेकिन आरोपी ने सरपंच की जानकारी के बिना ही ग्राम पंचायत के खाते से 70 लाख रुपए फर्जी फर्मों को ट्रांसफर कर दिए. बिना किसी सामग्री की सप्लाई किए इन फर्मों को फर्जी भुगतान कर सरकारी खजाने से मोटी रकम हड़प ली गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेज खंगाले. पूछताछ में भूपेश पाटीदार ने खुद स्वीकार किया कि वह पंचायत समिति के विकास अधिकारी, तकनीकी अधिकारी और चहेती कंस्ट्रक्शन फर्मों के बहकावे और लालच में आकर सरकारी खाते से राशि ट्रांसफर करने में शामिल हुआ.

गौरतलब है कि अब देवगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी भूपेश पाटीदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पीसी रिमांड पर लिया गया है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. इस गबन में शामिल अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और फर्मों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है. 70 लाख रुपए की सरकारी राशि के गबन के इस खुलासे से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.

ग्रामीणों का कहना है कि जिन पैसों से गांव के विकास कार्य होने थे, उन्हीं पैसों को मिलीभगत से हड़प लिया गया. अब पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है कि गबन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaisalmer News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!


ट्रेंडिंग न्यूज़

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज, Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत है. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर रखते हैं. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर की खबरों में खास दिलचस्पी. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनाव और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बयान पर नजर. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करने में मजा आता है. इसके अलावा कंटेंट को पैकेजिंग करके परोसना इनकी खासियत है. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव. इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है और वर्तमान में मेरठ कॉलेज से LLB की पढ़ाई कर रहे हैं. खबरों की गंध सूंघने और उसे सबसे पहले, सबसे तेज परोसने का जुनून. यही अंश राज हैं