&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: प्रतापगढ़ जिले के पारसोला थाना क्षेत्र में प्रेमिका की हत्या के बाद शव को छिपाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. इससे पहले मुख्य आरोपी को पहले ही पकड़ा जा चुका था. अब पुलिस ने उसके साथी धुलिया मीणा को भी दबोच लिया है, जिसने हत्या में आरोपी का साथ दिया था. प्रतापगढ़ के पारसोला थाना क्षेत्र में प्रेमिका की हत्या कर शव को पहाड़ी इलाके में छिपाने के मामले में फरार चल रहे सह आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान धुलिया पिता पाचीया मीणा, निवासी वाजना के रूप में हुई है.
पारसोला भेमजी ने बताया कि घटना 18 जून को सामने आई थी, जब प्रार्थी खानीया पिता भेरिया मीणा ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसकी 19 वर्षीय बेटी भुला मीणा और 21 वर्षीय सीमा, 12 जून को मूंग की फसल काटने के लिए उसकी बहन के घर भुगाभट गई थीं. अगले दिन भुला अचानक वहां से लापता हो गई. परिवारजनों द्वारा तलाश करने पर जानकारी मिली कि भुला को अंतिम बार लकमा उर्फ कन्हैयालाल मीणा निवासी वाजना के साथ देखा गया था. जब परिजन उसकी खोज में लकमा के घर की ओर जा रहे थे, तो रास्ते में एक नाले के पास स्थित पहाड़ी के कोट में से दुर्गंध आ रही थी. वहां खुदे हुए गड्ढे में शव दबा मिला, जिसकी पहचान भुला मीणा के रूप में हुई.
इस घटना को लेकर थाना पारसोला में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था. प्रकरण में मुख्य आरोपी लकमा उर्फ कन्हैयालाल मीणा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. उसके बाद से पुलिस टीमें अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी थीं. 1 जुलाई को पुलिस टीम ने धुलिया मीणा को डिटेन किया और पूछताछ में उसने हत्या में सहयोग करना स्वीकार किया. इसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस द्वारा प्रकरण में आगे की जांच जारी है.