&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ जिले की ग्राम पंचायत बरोठा में व्याप्त भ्रष्टाचार और मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी के आरोपों को लेकर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं में भारी आक्रोश देखा गया. महिलाओं ने ग्राम पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में न तो पानी की उचित व्यवस्था है और न ही मनरेगा जैसी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता से मिल रहा है. ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि बरोठा गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है.
गांव में नल तो लगे हैं, लेकिन समय पर पानी नहीं आता. आरोप है कि कुछ साहूकार समय पर पानी की मोटर चालू कर लेते हैं और अपनी जरूरतें पूरी कर लेते हैं, जबकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को इधर-उधर भटकना पड़ता है. इतना ही नहीं, साहूकारों द्वारा गरीबों से जबरन चंदा भी वसूला जाता है, लेकिन बदले में उन्हें उचित पानी नहीं मिलता. महिलाओं का कहना है कि इस मुद्दे पर न तो पंचायत सुनती है और न ही प्रशासन कोई ध्यान देता है.
महिलाओं और मजदूरों का कहना है कि मनरेगा में मेट द्वारा फर्जी हाजरी भरने का खेल खुलेआम चल रहा है. जो मजदूर आधे पैसे देकर अपनी हाजरी लगवाते हैं, उन्हें पूरा भुगतान मिल जाता है, जबकि जो लोग ईमानदारी से काम करते हैं, उन्हें पूरी मजदूरी नहीं मिलती.
यहां तक कि कुछ मजदूरों से ₹100-₹100 लिए गए और फिर भी उन्हें मजदूरी नहीं मिली. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मस्टर रोल में ऐसे नाम शामिल हैं जो घर बैठे भुगतान ले रहे हैं. ग्राम पंचायत में कच्चे रास्तों के नाम पर भारी अनियमितताएं सामने आई हैं. ग्रामीणों ने बताया कि कागजों में रास्ते भर दिए गए हैं लेकिन धरातल पर कोई कार्य नहीं हुआ.
बारिश के दिनों में किसानों और आम नागरिकों को खेतों तक जाने के लिए कीचड़ भरे और जर्जर रास्तों से गुजरना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में तीन महीने से एक सीसी सड़क का कार्य अधूरा पड़ा है.
ठेकेदार ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि उससे कमीशन मांग रहे हैं, जिसके चलते काम नहीं होने दिया जा रहा. सड़क निर्माण के लिए गिट्टी मुख्य सड़क पर खाली कर दी गई है, जिससे राहगीरों को जान का खतरा बना हुआ है. खासकर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की वजह से कई बार हादसे हो चुके हैं.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajasthan Crime News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!