Pratapgarh Road Accident: प्रतापगढ़ की काली घाटी में आज एक भीषण सड़क हादसा हुआ. बकरी बचाने के प्रयास में एक स्कॉर्पियो 300 फीट खाई में जा गिरी, जिससे तीन लोग घायल हो गए.
Trending Photos
&w=752&h=564&format=webp&quality=medium)
Rajasthan News: प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट उपखंड क्षेत्र में सड़क हादसा हो गया. माही डेम से घंटाली मार्ग पर स्थित काली घाटी में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी. इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
मौके से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर अचानक एक बकरी आ गई. वाहन चालक ने बकरी को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया, जिससे स्कॉर्पियो गाड़ी सीधे गहरी खाई में गिर गई. हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के खेतों व घरों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और खाई में उतर कर घायलों को बाहर निकाला. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया.
गौरतलब है कि इसी जगह कुछ वर्ष पूर्व एक शिक्षक की कार दुर्घटना में जलकर मौत हो गई थी, जिससे यह इलाका पहले से ही डेंजर जोन के रूप में पहचाना जाता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस खतरनाक मोड़ पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और उचित सुरक्षा उपायों की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो.
पढ़ें प्रतापगढ़ जिले की एक और अहम खबर
Pratapgarh News: सर्पदंश से मासूम और मां की मौत पर कांग्रेस ने सौंपा जिला प्रशासन को ज्ञापन
प्रतापगढ़ ग्राम पंचायत हंगरी खेड़ा के कचोटिया गांव में बीती 18 जून की रात दर्दनाक घटना में 3 माह की मासूम लक्ष्मी और उसकी मां रूपा पत्नी मुकेश की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी. घटना के विरोध में कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए पीड़ित परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता देने की मांग की.
पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने बताया कि क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते रात भर बिजली गुल रहती है, जिससे घना अंधकार छाया रहता है. इसी अंधेरे में सर्पदंश की घटना हुई, जिसके कारण मां-बेटी की जान चली गई. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो कोई सरकारी प्रतिनिधि मौके पर पहुंचा और न ही स्थानीय विधायक या मंत्री ने शोक जताया.
कांग्रेस पार्टी ने जिला प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता नहीं दी गई, तो प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी. ज्ञापन सौंपने के दौरान कई स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण जन भी मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!