&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Udaipur Crime News: राजस्थान के उदयपुर जिले के सूरजपोल थाना क्षेत्र स्थित अस्थल मंदिर के पास शुक्रवार शाम एक युवक की हत्या हो गई. मकान मालिक ने किराएदार युवक को मामूली विवाद के चलते चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात में मृतक की पत्नी भी घायल हुई, जिस पर भी आरोपी ने चाकू से हमला किया. घटना से इलाके में खौफ का माहौल बन गया.
30 साल का था मृतक युवक
थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मूलतः सायरा के जोरमा गांव निवासी नरपत सिंह (30) पुत्र अमर सिंह के रूप में हुई है. चाकू का वार सीने पर लगने से उसका हार्ट पंक्चर हो गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई. पत्नी काली बाई गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शव को पुलिस ने मुर्दाघर में रखवाया है और शनिवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात की जानकारी मिलने पर डीएसपी छगन पुरोहित और थानाधिकारी रतन सिंह मौके पर पहुंचे. हमले के बाद भागे आरोपी मकान मालिक दिनेश बंसल, निवासी अस्थल मंदिर क्षेत्र, को पुलिस ने थोड़ी ही देर में गिरफ्तार कर लिया.
बिजली के इस्तेमाल से जुड़ा था मामला
मामला बिजली के इस्तेमाल से जुड़ा हुआ था. लगभग दो महीने पहले ही नरपत सिंह ने दिनेश बंसल का मकान किराए पर लिया था. मजदूरी कर अपना जीवनयापन करने वाला नरपत अक्सर बिजली-पानी के उपयोग को लेकर मकान मालिक से झगड़े का सामना कर रहा था. तीन दिन पहले दिनेश ने कमरे की बिजली काट दी थी, जिसको लेकर तनातनी हुई थी. इसी बहस के चलते उसने दंपती पर चाकू से हमला कर दिया.
पहले परिवार पर भी कर चुका है जानलेवा हमला
आरोपी दिनेश बंसल का अतीत भी विवादों से भरा रहा है. वह पहले भी परिवार पर जानलेवा हमला कर चुका है. कुछ समय पहले पिस्टल जैसी वस्तु लेकर कलक्ट्रेट में घुसा था, तब उसे हिरासत में लिया गया था. पत्नी पर लगातार मारपीट और हमले करता रहा, जिस कारण उसकी पत्नी अब वृद्धाश्रम में रह रही है. बेटी ने भी कई बार उसकी सनक को लेकर पुलिस-प्रशासन को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. अब उसने किराएदार की जान ले ली.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Udaipur News Today हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!