&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Dungarpur News: राजस्थान में डूंगरपुर शहर के लोहारवाड़ा स्थित महात्मा गांधी सरकारी स्कूल में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बीती रात स्कूल का एक जर्जर बरामदा भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर तीन कमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए.
रात को गिरा बरामदा, बड़ा हादसा टला
यह घटना रात के समय हुई, जब स्कूल में कोई भी विद्यार्थी या शिक्षक मौजूद नहीं थे. इसी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी को कोई चोट नहीं आई. स्कूल के प्रिंसिपल राजेश चौबीसा ने बताया कि सुबह उन्हें बरामदे के गिरने की सूचना मिली. मौके पर जाकर देखा तो बरामदे की छत ढह चुकी थी और आसपास की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं थीं.
प्रिंसिपल के अनुसार, स्कूल के कुल 12 में से 8 कमरे बेहद ही जर्जर हालत में हैं. बरामदे के दो पिलर पहले से ही क्षतिग्रस्त थे, जिससे खतरा बना हुआ था. इस वजह से पहले ही इन कमरों में बच्चों को बैठाना बंद कर दिया गया था.
छात्रों की पढ़ाई पर संकट
लोहारवाड़ा स्कूल में कक्षा 1 से 10 तक के कुल 180 विद्यार्थी पढ़ते हैं. अब केवल 3 कमरे ही सुरक्षित बचे हैं, जिनमें बच्चों को बैठाकर पढ़ाना मुश्किल हो रहा है. प्रिंसिपल राजेश चौबीसा ने बताया कि उन्होंने पहले भी शिक्षा विभाग और प्रशासन को स्कूल की खराब हालत के बारे में अवगत कराया था.
हाल ही में झालावाड़ में हुए स्कूल हादसे के बाद से ही जर्जर कमरों में बच्चों को बैठाने पर रोक लगा दी गई है, जिससे इस स्कूल की समस्या और भी बढ़ गई है. स्कूल प्रशासन ने शिक्षा विभाग से जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई में कोई रुकावट न आए.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Dungarpur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!