&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के अरनोद नगर में कचरे के ढेर और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विरोध तीसरे दिन भी जारी है. नगरवासी लगातार धरने पर बैठे हैं, लेकिन प्रशासन की चुप्पी से जनता का आक्रोश और बढ़ता जा रहा है. हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि लोग बीमारी और बदबू के बीच जीने को मजबूर हैं, वहीं अब यह धरना उग्र आंदोलन का रूप लेने की चेतावनी दे रहा है.
अरनोद नगर की बदहाली की तस्वीर
अरनोद नगर इस समय बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है. नगर की गलियों और मोहल्लों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं, नालियां जाम पड़ी हैं और बदबू से आमजन का जीना दुश्वार हो गया है. स्थिति यह है कि मच्छरों की भरमार और गंदगी से बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है. दुकानदार तक मास्क लगाकर अपनी दुकानों पर बैठने को मजबूर हो गए हैं. इसी समस्या को लेकर नगरवासियों ने मुख्य बस स्टैंड पर धरना शुरू किया था, जो आज तीसरे दिन भी जारी है.
लोगों की शिकायत पर प्रशासन मौन
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका और प्रशासन मौन है. सफाईकर्मियों का 6 माह से वेतन बकाया है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की. जनता सवाल कर रही है कि आखिर कब तक उन्हें नगर पालिका की नाकामी का खामियाजा अपने स्वास्थ्य और जीवन से भुगतना पड़ेगा. धरना स्थल पर मौजूद नागरिकों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने तुरंत सफाई व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा.
प्रशासन को दी चेतावनी
लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ेगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी. जनता का आक्रोश अब उबाल पर है. नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो अरनोद की गलियों से उठती बदबू अब आंदोलन की लपटों में बदल जाएगी. प्रशासन की गहरी नींद और लापरवाही अब नगर को गंभीर संकट की ओर धकेल रही है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Pratapgarh News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!