&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Pratapgarh News: राजस्थान के प्रतापगढ़ की सरजमीं पर देर रात कुछ ऐसा हुआ जिसने लोगों को दंग कर दिया. गांव के बीचों-बीच बने गहरे कुएं में अवैध डोडा-चूरा से भरी पिकअप ऐसे समा गई मानो कोई सीन सीधे फिल्म पुष्पा से उठा लिया गया हो. पुलिस पीछा कर रही थी, तस्कर भाग रहे थे और नतीजा ये रहा कि 100 फीट गहरे कुएं में धड़ाम से गिर गई.
रठांजना थाना क्षेत्र का मामला
प्रतापगढ़ जिले के रठांजना थाना क्षेत्र में थड़ा से लालपुरा मार्ग पर शुक्रवार देर रात फिल्मी अंदाज में सनसनीखेज हादसा सामने आया. अवैध डोडा-चूरा से भरी पिकअप अचानक गांव के बीच बने 100 फीट गहरे पानी से भरे कुएं में जा गिरी.
मौके पर मौजूद लोग हुए हैरान
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को तस्करों की गतिविधियों की भनक लग चुकी थी. देर रात पीछा किया जा रहा था और पिकअप तेज रफ्तार से भाग रही थी. इसी बीच बिना मुंडेर वाले कुएं के पास अचानक संतुलन बिगड़ा और वाहन सीधा कुएं में जा धंसा. इस दृश्य ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को हैरान कर दिया. लोगों को यह नजारा बिल्कुल फिल्म पुष्पा के उस सीन जैसा लगा, जहां तस्कर पुलिस से बचने के लिए गाड़ियां कुएं में उतार देते हैं. हादसे के बाद से ही पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया.
पूरी रात चला काम
पूरी रात मोटरों से कुएं का पानी निकाला जाता रहा. सुबह करीब 10 बजे जाकर पिकअप नजर आई. अब क्रेन की मदद से वाहन को बाहर निकालने का काम जारी है. कुएं में गिरी पिकअप से डोडा-चूरा भरा होने की पुष्टि हुई है. लेकिन बड़ा सवाल अभी भी जस का तस है कि क्या तस्कर पिकअप में ही दब गए हैं या अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए? इसका खुलासा वाहन बाहर निकलने के बाद ही हो पाएगा.
मौके पर जुटी भीड़
सुबह से ही गांव में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. ग्रामीणों का कहना है कि यह पिकअप लालपुरा से रठांजना की ओर आ रही थी और बिना मुंडेर वाले कुएं के पास बने टर्न पर संतुलन बिगड़ने से हादसा हो सकता है. हालांकि पुलिस इसे तस्करी से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है. फिलहाल सभी की नजरें कुएं से बाहर निकलने वाली उस पिकअप पर टिकी हैं, जिससे इस फिल्मी हादसे का सच सामने आएगा.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Pratapgarh News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!