Rajsamand News: राजसमंद जिले के आमेट थाना इलाके की एक महिला और तीन मासूम बेटियां बीते कुछ दिनों से लापता हैं. अभी तक इन 4 लापता लोगों का कुछ पता नहीं चला है.
&w=896&h=504&format=webp&quality=medium)
Rajsamand News: राजस्थान के राजसमंद जिले के आमेट थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली और चिंता जनक खबर सामने आई है. आमेट के जाटों का दूदालिया गांव निवासी रुक्मणी बागरिया, पत्नी गोपाललाल बागरिया, अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ पिछले 10 दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है. परिवार और गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और हर संभावित जगह तलाश कर चुके हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है.
परिजनों के अनुसार, रुक्मणी और उनकी बेटियां रामदेवरा दर्शन के लिए निकली थीं और आखिरी बार जोधपुर रेलवे स्टेशन पर देखी गई थीं. इसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं चला है. लापता होने के बाद 30 जुलाई 2025 को रुक्मणी के ससुर रूपाराम ने जोधपुर के सरदारपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी.
गुमशुदगी की खबर मिलते ही परिवार ने जोधपुर, पाली, जैसलमेर, राजसमंद सहित कई जिलों में महिला और बच्चों की तलाश की, लेकिन निराशा ही हाथ लगी. परिजन दिन-रात महिला और बच्चों को ढूंढने में लगे हैं. न तो पीहर पक्ष को कुछ जानकारी है और न ही ससुराल पक्ष को. इस रहस्यमयी गुमशुदगी ने पूरे परिवार को मानसिक तनाव में डाल दिया है और किसी अनहोनी की आशंका ने सभी को डरा दिया है.
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. परिजन पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि रुक्मणी और उसकी बेटियों को सुरक्षित वापस लाया जा सके. घटना ने पूरे गांव को चिंता में डाल दिया है.
इधर, राजसमंद ज़िले के नाथद्वारा में स्थित उथनोल गांव में बीती रात चोरों का आतंक देखने को मिला. इस चोरों द्वारा गांव के चार से पांच घरों के ताले तोड़े गए. चोरी की इस वारदात ने गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
खास बात यह रही कि गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार नकाबपोश चोर हाथों में डंडे लिए घूमते हुए कैद हो गए. सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि चोर किस तरह से पूरी योजना के तहत घरों को निशाना बना रहे हैं. सभी आरोपी नकाब पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. गांववासियों का कहना है कि रात के समय गांव में गश्त की व्यवस्था नहीं है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो गए है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Rajsamand News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!